ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। भारतीय जेवलिन थ्रोअर और गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने पेरिस डायमंड लीग 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। उनकी 88.16 मीटर की थ्रो इस सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा जिसने देश भर के खेल प्रेमियों में जोश भर दिया। हालांकि, इस उपलब्धि को देखने के लिए फैंस को देर रात जागना पड़ा, क्योंकि भारतीय ब्रॉडकास्टर्स द्वारा सीधा प्रसारण उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे सोशल मीडिया पर नाराजगी भी देखने को मिली।
नीरज चोपड़ा की जीत के बाद पाकिस्तान का सीना भी छलनी हो गया। क्रिकेट के बाद जेवलिन थ्रो ही ऐसा इवेंट है, जहां पाकिस्तानी खुद को भारत का प्रतिद्वंद्वी समझते हैं।
नीरज चोपड़ा ने पेरिस डायमंड लीग के फाइनल में जर्मनी के जूलियन वेबर को पराजित कर पिछली हार का जोरदार बदला लिया। नीरज ने फाइनल में पहले प्रयास में ही 88.16 मीटर दूर थ्रो कर सनसनी मचा दी। नीरज का तीसरा, चौथा और 5वां थ्रो फाउल रहा, लेकिन पहले थ्रो के दम पर उन्होंने जीत हासिल की। नीरज के इस शानदार प्रदर्शन से पड़ोसी देश पाकिस्तान में कुछ लोग सदमे में होंगे। जब पेरिस ओलंपिक में अरशद नदीम ने गोल्ड मेडल जीता था तब पाकिस्तानियों ने सोशल मीडिया पर खूब शोर मचाया था।
सोशल मीडिया पर फैंस कर रहे तारीफ
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नीरज के फैंस ने उनकी जीत का जश्न मनाते हुए कई पोस्ट किए। एक यूजर नीरज के थ्रो को शानदार करार देते हुए लिखा, ‘नीरज का 90.23 मीटर का थ्रो इस सीजन का टॉप परफॉर्मेंस है!’ वहीं एक अन्य यूजर ने इसे भारतीय जेवलिन थ्रो की नई ऊंचाइयों का प्रतीक बताया, जिससे देश में गर्व की लहर दौड़ गई। कुछ ने नीरज को देश का गौरव बताते हुए उनकी मेहनत और समर्पण की तारीफ की, जबकि कुछ यूजर ने सुझाव दिया कि नीरज के मैचों के लिए बेहतर प्रसारण व्यवस्था की जरूरत है ताकि फैंस उन्हें लाइव देख सकें।
पेरिस डायमंड लीग का फाइनल नतीजा
1. नीरज चोपड़ा (भारत) 88.16 मी
2. जूलियन वेबर (जर्मनी)- 87.88 मी
3. लुईज मौरिशियो डा सिल्वा (ब्राजील)- 86.62 मी
4. वाल्कॉट (त्रिनिदाद एंड टोबैगो )- 81.66 मी
5. एंडरसन पीटर्स (ग्रेनाडा)- 80.29 मी



























