ब्लिट्ज ब्यूरो
न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क शहर के मेयर के लिए डेमोक्रेटिक प्राइमरी चुनाव में भारतवंशी जोहरान ममदानी ने बड़ी जीत हासिल की। वह क्वींस के स्टेट असेंबलीमैन हैं। मंगलवार को न्यूयॉर्क शहर के चुनाव बोर्ड ने रैंक-चॉइस वोटिंग के नतीजे जारी किए।
ममदानी को 56% वोट मिले, जबकि पूर्व गवर्नर एंड्रयू क्यूमो को 44% मत मिले। अंतिम नतीजे जुलाई तक आएंगे। 33 साल के ममदानी अब नवंबर में होने वाले मुख्य चुनाव में हिस्सा लेंगे। उनका मुकाबला मेयर एरिक एडम्स, रिपब्लिकन कैंडिडेट कर्टिस स्लिवा और इंडिपेंडेंट कैंडिडेट जिम वाल्डेन से होगा।
एडम्स डेमोक्रेट हैं, लेकिन उन्होंने प्राइमरी में हिस्सा नहीं लिया और इंडिपेंडेंट के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। क्यूमो भी इंडिपेंडेंट के तौर पर चल रहे हैं, लेकिन उन्होंने अभी फैसला नहीं किया कि वह कैंपेन जारी रखेंगे या नहीं।
न्यूयॉर्क में डेमोक्रेट्स की संख्या रिपब्लिकन्स से छह गुना ज्यादा है, इसलिए ममदानी को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। ममदानी ने कहा, 5 लाख से ज्यादा न्यूयॉर्कर्स के समर्थन से मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। यह न्यूयॉर्क को सस्ता बनाने की हमारी शुरुआत है।
उल्लेखनीय है कि ममदानी फिल्ममेकर मीरा नायर के बेटे हैं। उन्हें 2018 में मिली थी अमेरिकी नागरिकता।
ममदानी हिप-हॉप के फैन हैं और वो रैप म्यूजिक कंपोज और प्रोड्यूस कर चुके हैं। 2016 में एक युगांडन रैपर के साथ वो रैप म्यूजिक वीडियो बना चुके हैं। इसके अलावा 2019 में अपना सिंगल भी रिलीज कर चुके हैं।
राजनीति में कदम रखने से पहले वो क्वीन्स में रहने वाले गरीब व्हाइट्स के लिए कई केस लड़ चुके हैं। इनमें ज्यादातर मामले घर खाली कराने के होते थे जिसमें ममदानी ने लोगों की उनके घर बचाने में मदद की थी। इसी के बाद वो राजनीति में आने के लिए मोटीवेट हुए।
वो 2015 से न्यूयॉर्क की राजनीति में सक्रिय हैं। 2017 में वो डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट ऑफ अमेरिका से जुड़े। दो साल बाद, 2020 में वे पहली बार न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली के चुनाव में क्वींस के एस्टोरिया से जीते थे। वे क्वींस के एस्टोरिया और आसपास के इलाकों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
एक डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट के तौर पर उन्होंने एक पायलट प्रोग्राम शुरू किया है। इस प्रोग्राम के तहत शहर की कुछ बसें एक साल के लिए मुफ्त कर दी गई हैं। उन्होंने एक कानून भी प्रस्तावित किया है। इस कानून के तहत गैर-लाभकारी संस्थाओं को इजरायली बस्तियों का समर्थन करने से रोका जाएगा।
जोहरान की मां मीरा नायर भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक और हिंदू वंशज हैं। उनके पिता महमूद ममदानी भारतीय मूल के युगांडा नागरिक और मुस्लिम हैं। महमूद कोलंबिया यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हैं। जोहरान का जन्म 18 अक्टूबर 1991 को युगांडा के कंपाला में हुआ था। जब वे पांच साल के थे, तब उनका परिवार दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन चला गया। जब ममदानी सात साल के थे, तब परिवार न्यूयॉर्क शिफ्ट हो गया। जोहरान ने 2014 में मेन के बोडोइन कॉलेज से अफ्रीकाना स्टडीज में स्नातक की डिग्री ली थी। इस साल की शुरुआत में जोहरान ने 27 साल की सीरियाई आर्टिस्ट रामा दुवाजी से शादी की। रामा एक इलस्ट्रेटर और एनिमेटर हैं। उनका काम ‘द न्यू यॉर्कर’, ‘द वॉशिंगटन पोस्ट’ और ‘वाइस’ जैसे बड़े पब्लिकेशन में छप चुका है।































