ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। मार्केट वैल्यू के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में 2,63,779 करोड़ रुपए की कुल कमाई (टोटल इनकम) की है। यह पिछले साल के मुकाबले करीब 10% ज्यादा है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी ने 2,40,200 करोड़ रुपए की कमाई की थी। टोटल इनकम में से कर्मचारियों की सैलरी, टैक्स, कच्चे माल की कीमत जैसे खर्चे निकाल दें तो कंपनी के ओनर्स के पास 26,994 करोड़ रुपए शुद्ध मुनाफे (कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट) के रूप में बचे। यह 2024-25 की अप्रैल-जून तिमाही से 78.31% ज्यादा है। पिछले साल कंपनी को 15,138 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था। पहली तिमाही में रिलायंस ने प्रोडक्ट और सर्विस बेचकर 2,48,660 करोड़ रुपए का राजस्व यानी रेवेन्यू जनरेट किया। सालाना आधार पर यह 5.26% बढ़ा है। अप्रैल-जून 2025 में कंपनी ने 2,36,217 करोड़ रुपए का रेवेन्यू जनरेट किया था।
इस साल अब तक 20% चढ़ा कंपनी का शेयर
वित्त वर्ष 26 की पहली तिमाही के नतीजों से पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 0.027% गिरकर 1,476 के स्तर पर बंद हुआ। बीते 5 दिन में कंपनी का शेयर 1% गिरा है। एक महीने में 3% और 6 महीने में 13% चढ़ा है। इस साल यानी 1 जनवरी से अब तक 20% चढ़ा है। वहीं कंपनी के शेयर में एक साल में 7% की गिरावट रही है। रिलायंस का मार्केट कैप 19.99 लाख करोड़ रुपए।
भारत की सबसे बड़ी प्राइवेट सेक्टर कंपनी है रिलायंस
रिलायंस भारत की सबसे बड़ी प्राइवेट सेक्टर कंपनी है। ये अभी हाइड्रोकार्बन एक्सप्लोरेशन और प्रोडक्शन, पेट्रोलियम रिफाइनिंग और मार्केटिंग, पेट्रोकेमिकल्स, एडवांस मटेरियल और कंपोजिट, रिन्यूएबल एनर्जी, डिजिटल सर्विस और रिटेल सेक्टर में काम करती है।































