ब्लिट्ज ब्यूरो
वेनिस (इटली)। इटली में आयोजित 82वें वेनिस फिल्म फेस्टिवल में भारत का डंका बजा है। पूरे देश लिए गर्व के इन लम्हों को सहेजने का श्रेय फिल्ममेकर अनुपर्णा रॉय को जाता है। उनकी फिल्म ‘सॉन्ग्स ऑफ फॉरगॉटन ट्री’ के लिए उन्हें ओरिजोंटी सेक्शन का सर्वश्रेष्ठ निर्देशक पुरस्कार प्रदान किया गया। इस पुरस्कार की घोषणा ओरिजोंटी जूरी की अध्यक्ष, फ्रांसीसी फिल्मकार जूलिया ड्यूकुर्नो ने समापन समारोह के दौरान की। भारतीय सिनेमा के लिए यह उपलब्धि महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।
अनुपर्णा रॉय की इस फिल्म से अनुराग कश्यप भी जुड़े हैं। खास बात ये भी रही कि इस वर्ष के सेक्शन में शामिल होने वाली एकमात्र भारतीय फिल्म- ‘सॉन्ग्स ऑफ फॉरगॉटन ट्रीज’ ही रही। मुंबई में प्रवासी महिलाओं की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म में आधी आबादी के अकेलेपन, संघर्ष और क्षणिक रिश्तों के बीच जीने का रास्ता तलाशने की जिजिविषा को दिखाया गया है।
अनुराग कश्यप का विशेष आभार
अवॉर्ड लेने मंच पर सफेद साड़ी में पहुंचीं अनुपर्णा रॉय ने देश के परिधान को भी सात समंदर पार खास तौर पर स्थान दिलाया। उन्होंने इस सम्मान को ‘सपना सच होने जैसा लम्हा’ बताया। उन्होंने जूरी, टीम, कलाकारों और अनुराग कश्यप का विशेष आभार जताया।