ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। प्रतिदिन लाखों लोगों के दफ्तर तक खाना पहुंचाने वाले डब्बा वालों ने बीएमसी चुनाव में महायुति को समर्थन दिया है। यह उद्धव ठाकरे गुट के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में डब्बा वाला एसोसिएशन ने उद्धव गुट को समर्थन दिया था। मुंबई डब्बावाला एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष तलेकर ने मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम से मुलाकात के बाद यह घोषणा की।
मुंबई डब्बावाला एसोसिएशन ने साफ तौर पर कहा है कि पूर्व में दिए गए आश्वासनों के पूरा न होने से वह शिवसेना (ठाकरे गुट) से नाराज है जबकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कामगारों के मुद्दों पर सकारात्मक कदम उठाए हैं। डब्बेवाला एसोसिएशन ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में शिवसेना (ठाकरे) को समर्थन दिया था। उस समय एसोसिएशन को आश्वासन दिया गया था कि लंबित मुद्दे सुलझाए जाएंगे और उन्हें मुंबई में किफायती दरों पर घर उपलब्ध कराए जाएंगे। हालांकि एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष तलेकर का कहना है कि चुनाव के दौरान किए गए वादे पूरे नहीं किए गए।
मौजूदा सरकार के कार्यकाल में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में डब्बावालों के लिए किफायती कीमत पर घर देने के मुद्दे पर निर्णय लिया गया है। दिवा-अंजूर क्षेत्र में 25 लाख 50 हजार रुपये में घर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है, जिसमें म्हाडा ने अहम भूमिका निभाई है। भवन को आधुनिक बनाने के लिए पांच करोड़ रुपये की निधि भी दी गई।

























