ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। बॉलीवुड सिंगर अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने का एलान कर दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट पर यह जानकारी दी। अरिजीत ने लिखा- हैलो, सबको नया साल मुबारक, इतने सालों तक प्यार देने के लिए धन्यवाद। मैं खुशी से बताना चाहता हूं कि अब प्लेबैक वोकलिस्ट के तौर पर कोई नए असाइनमेंट्स नहीं लूंगा। इसे यहीं खत्म कर रहा हूं। ये सफर शानदार रहा। भगवान ने बहुत दया की।
उन्होंने साफ किया कि म्यूजिक बंद नहीं करेंगे। आगे छोटे आर्टिस्ट के तौर पर सीखते रहेंगे। कुछ पेंडिंग कमिटमेंट्स पूरे करेंगे। 2026 में कुछ गाने रिलीज हो सकते हैं। अरिजीत ने कहा, मैं अच्छे म्यूजिक का फैन हूं। अपना काम जारी रखूंगा। मुंबई जैसे शहर में रहने के बावजूद, अरिजीत सिंह बहुत साधारण जीवन व्यतीत करते हैं।
अरिजीत सिंह का जन्म 25 अप्रैल 1987 को पश्चिम बंगाल के जीयागंज में हुआ। संगीत उन्हें विरासत में मिला। मां शास्त्रीय गायिका थीं और मौसी तबला वादक। कम उम्र में ही उन्होंने शास्त्रीय संगीत की शिक्षा लेनी शुरू कर दी।
साल 2005 में उन्होंने रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ में हिस्सा लिया। हालांकि वे शो जीत नहीं पाए, लेकिन इस मंच ने उन्हें इंडस्ट्री की वास्तविकता समझने और खुद को निखारने का मौका दिया। इसके बाद उन्होंने बतौर म्यूजिक प्रोग्रामर और बैकग्राउंड सिंगर काम किया, जो उनके करियर का एक अहम लेकिन कम चर्चित हिस्सा रहा।
































