ब्लिट्ज ब्यूरो
मेरठ। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के अनुरूप चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026–27 से चार वर्षीय एकीकृत शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम, आइटीईपी (बीए-बीएड व बीएससी-बीएड) शुरू करने की घोषणा कर दी गई है। विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद से बीए-बीएड व बीएससी-बीएड की मान्यता मिल गई है। यह कार्यक्रम माध्यमिक व उच्च माध्यमिक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षक तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
इस पाठ्यक्रम में प्रवेश राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होगा। वर्ष 2026 में कक्षा 12 की परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थी और उत्तीर्ण विद्यार्थी निर्धारित पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को पोर्टल पर आनलाइन पंजीकरण करना होगा। विद्यार्थियों को विषय ज्ञान के साथ-साथ शिक्षण कौशल, विद्यालयीय इंटर्नशिप, शैक्षिक प्रौद्योगिकी और शोध उन्मुख प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। चार वर्षों की अवधि पूर्ण करने पर अभ्यर्थियों को स्नातक उपाधि के साथ बीएड की डिग्री मिलेगी।













