ब्लिट्ज ब्यूरो
लखनऊ। योगी सरकार राज्य में बड़े बदलावों को लेकर काफी गंभीर दिख रही है जिसके लिए इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के इरादे से सभी संभावनाओं पर काम हो रहा है। प्रदेश सरकार छोटे-से-छोटे कस्बों को एक्सप्रेसवे के साथ जोड़कर शानदार कनेक्टिविटी देना चाहती है। इसके लिए यूपी सरकार राज्य में 12 नए एक्सप्रेसवे बनाने की योजना पर काम कर रही है।
उत्तर प्रदेश में फिलहाल 7 एक्सप्रेसवे एक्टिव हैं जबकि 3 एक्सप्रेसवे का निर्माण चल रहा है। 3 निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे का काम पूरा होने के बाद यूपी में कुल 10 एक्सप्रेसवे हो जाएंगे। 12 और नए एक्सप्रेसवे बनने के बाद यूपी रिकॉर्ड 22 एक्सप्रेसवे वाला राज्य बन जाएगा।
आर्थिक तरक्क ी में बड़ा योगदान देंगे एक्सप्रेसवे
इतना ही नहीं 22 एक्सप्रेसवे के दम पर यूपी के सभी जिले शहर और कस्बे सिर्फ आपस में ही नहीं बल्कि देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के सभी राज्यों, जिलों और शहर के साथ भी बेहतरीन तरीके से कनेक्ट हो जाएंगे। ये एक्सप्रेसवे सिर्फ आम लोगों की यात्रा में ही मदद नहीं करेंगे बल्कि व्यापार को बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएंगे और सप्लाई चेन को मजबूत बनाएंगे। बेहतर कनेक्टिविटी होने से राज्य में जबरदस्त निवेश आएगा और बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर बनेंगे जिससे राज्य आर्थिक रूप से काफी ताकतवर बन जाएगा।
5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला देश का पहला राज्य बनेगा यूपी
यूपी सरकार राज्य को वर्ल्ड क्लास कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए एक्सप्रेसवे के साथ-साथ एयरपोर्ट पर भी काफी जोर दे रही है। प्रदेश में फिलहाल कुल एयरपोर्ट की संख्या 16 है। इनमें से 4 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हैं जबकि बाकी के 12 डोमेस्टिक एयरपोर्ट हैं। गौतमबुद्ध नगर जिले में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट राज्य का 17वां और 5वां इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा जिसके जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने के साथ ही उत्तर प्रदेश 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला देश का पहला राज्य बन जाएगा।
ये हैं एक्सप्रेसवे
- विंध्य एक्सप्रेसवे
- विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे
- मेरठ-हरिद्वार लिंक एक्सप्रेसवे
- चित्रकूट-रीवा लिंक एक्सप्रेसवे
- चित्रकूट लखनऊ लिंक एक्सप्रेसवे (आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे)
- फर्रूखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे (गंगा एक्सप्रेसवे से आगरा-लखनऊ लिंक एक्सप्रेसवे)
- जेवर लिंक एक्सप्रेसवे (यमुना एक्सप्रेसवे, जेवर एयरपोर्ट से गंगा एक्सप्रेसवे वाया बुलंदशहर)
























