ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया को दिए इंटरव्यू में इस साल के बजट और भारत की आर्थिक प्रगति पर महत्वपूर्ण बातें कही हैं। उन्होंने कहा कि इस साल का बजट किसी मजबूरी में लिया गया ‘अब या कभी नहीं’ वाला फैसला नहीं है, बल्कि यह ‘हम तैयार हैं’ वाला पल है, जो लंबी तैयारी, प्रेरणा और आत्मविश्वास से आया है। उन्होंने कहा कि इस साल का बजट भारत के विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प को दर्शाता है।
– यूपीआई प्लेटफॉर्म के जरिए भारत दुनिया में डिजिटल लीडर बना
ट्रेड डील्स पर पीएम मोदी ने कहा कि भारत में राजनीतिक स्थिरता और भरोसेमंद नीतियों की वजह से निवेशक अब भारत पर ज्यादा विश्वास कर रहे हैं। अब तक 38 देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स (एफटीए) हो चुके हैं। पीएम मोदी ने कहा, मजबूत मैन्युफैक्चरिंग, सर्विस सेक्टर और एमएसएमई की वजह से भारत अब ट्रेड डील में मजबूत स्थिति से बात करता है। उन्होंने आगे कहा कि देश की सशस्त्र सेनाओं को सपोर्ट और उन्हें मजबूत करने के लिए सरकार जो भी जरूरी होगा, वह करेगी।
पीएम मोदी ने कहा, ”मुझे पूरा विश्वास है कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि महिलाओं का कल्याण हमारी सरकार के हर फैसले का मार्गदर्शन करता है.”
देश में बड़े पैमाने पर रिफॉर्म
‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ ने बड़े पैमाने पर प्रगति हासिल की है लेकिन स्वभाव से मैं कभी पूरी तरह संतुष्ट नहीं होता। भारत कंप्यूटिंग पावर और डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर क्षमता बढ़ाकर एक मजबूत एआई इकोसिस्टम की नींव रख रहा है। यूपीआई प्लेटफॉर्म के जरिए लेनदेन की व्यवस्था में बुनियादी सुधारों के कारण भारत दुनिया में डिजिटल लीडर बना है। डेटा सेंटर युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित करेंगे। हम दुनिया भर के डेटा को भारत में रखने के लिए आमंत्रित करते हैं।
अगले दशक के लिए 3 प्रायोरिटी
उन्होंने कहा कि अगले दशक के लिए तीन प्रमुख प्रायोरिटी स्ट्रक्चरल रिफॉर्म, डीपर इनोवेशन और सरल गवर्नेंस हैं। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 12.2 लाख करोड़ रुपये का कैपेक्स 2013 के स्तर से 5 गुना ज्यादा है, जो शॉर्ट टर्म लोकलुभावन उपायों के बजाय प्रोडक्टिव खर्च को प्राथमिकता देता है। भारत अपने इतिहास में सबसे बड़े इंफ्रा विस्तार का गवाह बन रहा है, जिसे भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।
पीएम ने बताया, रक्षा बजट और आधुनिकीकरण पर पीएम मोदी ने कहा कि भारत को हर समय मजबूत और तैयार रहना है और हम यही कर रहे हैं। सरकार अपने सैनिकों के ‘कल्याण’ के प्रति बेहद संवेदनशील है। हम एक पोस्ट-पैंडेमिक दुनिया में रह रहे हैं, जो भारत के लिए नए अवसरों के द्वार खोल रही है।























