ब्लिट्ज ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी जर्मनी दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने अग्रणी रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी रेलवन जीएमबीएच के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का दौरा किया। इस दौरान यूपी सरकार और कंपनी के बीच लगभग 200 करोड़ रुपये के निवेश से संबंधित एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
यह दौरा सीएम योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश में आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास और वैश्विक सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। केशव प्रसाद मौर्य का जर्मनी से वापस लौटने पर जोरदार स्वागत किया गया। उनकी यात्रा को प्रदेश के विकास को बढ़ावा देने वाला करार दिया गया है।
देखी अत्याधुनिक रेलवे ट्रैक तकनीक
सीएम योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर-जापान दौरे के साथ-साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का जर्मनी दौरा अहम रहा। डिप्टी सीएम के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने रेलवन के संयंत्र में रेलवे ट्रैक और कंक्रीट स्लीपर निर्माण की उन्नत तकनीकों का विस्तृत अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल ने उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता मानकों और वैश्विक सर्वोत्तम प्रक्रिया को समझने के लिए कंपनी के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। इस समझौते के जरिए प्रदेश में रेल अवसंरचना के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, उच्च गुणवत्ता मानकों और वैश्विक अनुभव का लाभ मिलने की संभावना है। योगी सरकार का उद्देश्य प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी, मजबूत परिवहन नेटवर्क और औद्योगिक विकास को गति देना है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेश और तकनीकी सहयोग के लिए पूरी तरह तैयार है।
सेवा क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं
जर्मनी में प्रत्यक्ष बैठकों के साथ यूके के निवेशकों से डिजिटल माध्यम से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने संवाद किया। इसे निवेश कूटनीति के बेहद सकारात्मक स्वरूप का संकेत माना जा रहा है। इससे तकनीकी सहयोग के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही, सेवा क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को भी नई गति मिलेगी। संभावित निवेश से कौशल आधारित रोजगार सृजित होंगे। स्मार्ट सिटी एवं डिजिटल सेवाओं के विस्तार के जरिए शहरी अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। जर्मनी में जारी बैठकों और यूके निवेशकों के साथ बनी सहमति को इसी दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति माना जा रहा है। जर्मनी में चल रही रुचिकर एआई इंपैक्ट समिट के बीच उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने निवेश कूटनीति की नई कार्यशैली अपनाते हुए अपनी पूर्व निर्धारित यूनाइटेड किंगडम यात्रा स्थगित कर दी।







