ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। नई दिल्ली के भारत मंडपम में खाद्य और आतिथ्य उद्योग का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला ‘आहार-2026’ शुरू हुआ। पांच दिन तक चलने वाले इस आयोजन में दुनिया भर की कंपनियां, फूड एक्सपर्ट, तकनीकी प्रदाता और कारोबारी एक साथ जुटे। यह मंच उद्योग से जुड़े नए उत्पाद, आधुनिक तकनीक और वैश्विक व्यापार के अवसरों को सामने लाने वाले बड़े केंद्र के रूप में उभरा है।
खाद्य और आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े इस प्रमुख आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने किया।
इस मेले में फूड प्रोडक्ट्स, प्रोसेसिंग टेक्नोलॉजी, पैकेजिंग सिस्टम, होटल उपकरण और कोल्ड-चेन से जुड़ी नई तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।
दुनिया भर की कंपनियां और खरीदार रहे शामिल
आहार को फूड और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बिजनेस प्लेटफॉर्म के रूप में देखा जाता है। इस बार इसका 40वां संस्करण आयोजित किया गया, जिसकी जिम्मेदारी इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन ने संभाली। आयोजन में फूड प्रोड्यूसर, एक्सपोर्टर, होटल-रेस्टोरेंट उद्योग से जुड़े उद्यमी, टेक्नोलॉजी कंपनियां और विदेशी खरीदार शामिल रहे। इस बार करीब 1,800 प्रदर्शकों ने मेले में हिस्सा लिया जिनमें 155 विदेशी कंपनियां भी शामिल थीं। आयोजकों की उम्मीद के मुताबिक करीब एक लाख कारोबारी आगंतुक मेले में पहुंचे।
केवल पंजीकृत कारोबारियों को ही प्रवेश
इस प्रदर्शनी में आम लोगों के लिए प्रवेश की अनुमति नहीं थी। केवल बिजनेस विजिटर ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के जरिए मेले में शामिल हुए। प्रदर्शनी रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक खुली रही। आगंतुकों के लिए प्रवेश गेट 3 और 4 भैरों मार्ग से तथा गेट 6 और 10 मथुरा मार्ग से तय किया गया। माल ढुलाई के लिए गेट 1 और 5 का उपयोग किया गया। बुधवार 13 मार्च को दोपहर बाद प्रदर्शनी को आमजन के लिए खोल दिया गया।
इटली बना साझेदार देश, 17 देशों की भागीदारी
करीब 1.15 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले इस मेले में विभिन्न देशों के विशेष मंडप बनाए गए थे। इस बार इटली को आधिकारिक साझेदार देश का दर्जा दिया गया। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चिली और थाईलैंड भी अपने-अपने प्रदर्शनी मंडप के साथ मौजूद रहे। बेल्जियम, चीन, फ्रांस, जर्मनी, जापान, दक्षिण कोरिया, स्पेन, यूनाइटेड किंगडम और वियतनाम सहित कुल 17 देशों की भागीदारी से आयोजन का अंतरराष्ट्रीय स्वरूप और मजबूत हुआ।
फूड बिजनेस के लिए नई संभावनाओं का मंच
मेले में प्रोसेस्ड फूड, ऑर्गेनिक उत्पाद, डेयरी आइटम, मसाले, कृषि आधारित उत्पाद और पेय पदार्थों की विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की गई। इससे कारोबारियों को नए उत्पादों और तकनीकी समाधानों की जानकारी मिली। साथ ही व्यापारिक साझेदारी और निर्यात के नए अवसर भी खुलेंगे। आईटीपीओ के अध्यक्ष जावेद अशरफ का कहना है कि भारत का फूड और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र तेजी से विस्तार कर रहा है और यह मेला उद्योग के विकास को नई दिशा देगा।
‘आहार-2026’ मोबाइल एप
इस बार आयोजन में एपीडा, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय, विदेशी भागीदारी, आईसीएमए और एफआईएफआई के अलग-अलग मंडप भी लगाए गए । इसके अलावा ‘हॉस्पिटैलिटी चैलेंज’ और ‘कुलिनरी आर्ट इंडिया-2026’ जैसे विशेष कार्यक्रमों में शेफ और होटल उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आगंतुकों की सुविधा के लिए ‘आहार-2026’ नाम से मोबाइल एप भी लॉन्च किया गया, जिसके जरिए मेले से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी हासिल की जा सकी।
– खाद्य और आतिथ्य उद्योग का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला है ‘आहार-2026’













