ब्लिट्ज ब्यूरो
लॉस एंजिलिस। फिल्म ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ की 98वें अकादमी अवॉर्ड (ऑस्कर) में धूम रही। वह छह पुरस्कार के साथ सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुनी गईं। इसके निर्देशक पॉल थॉमस एंडरसन को अपने करियर का पहला ऑस्कर मिला। वह कई दशकों से हॉलीवुड के प्रसिद्ध फिल्मकार रहे हैं। वहीं, हॉलीवुड अभिनेता माइकल बी. जॉर्डन को फिल्म ‘सिनर्स’ में उनके दमदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता की ऑस्कर ट्रॉफी दी गई। इस फिल्म को रिकॉर्ड 16 अकादमी पुरस्कारों के लिए नामित किया गया था। पिछले साल के विजेता एड्रियन ब्रॉडी ने जॉर्डन के नाम की घोषणा की। जॉर्डन सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीतने वाले छठे अश्वेत अभिनेता हैं।
राजनीति पर भी चर्चा
समारोह में कई कलाकारों ने दुनिया की राजनीति पर भी बात की। कुछ भाषणों में ईरान युद्ध, रूस-यूक्रेन युद्ध, अमेरिकी राजनीति जैसे मुद्दों का जिक्र हुआ।
फिल्म की कहानी
‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ फिल्म हास्य और राजनीतिक ड्रामा है। इसमें अलग पीढ़ियों की कहानी दिखाई गई है जो राजनीतिक संघर्ष और विरोध के माहौल में जी रही हैं। फिल्म के निर्देशक पॉल ने कहा कि उन्होंने यह फिल्म अपने बच्चों के लिए बनाई, ताकि आने वाली पीढ़ी दुनिया को बेहतर बना सके।
जेसी सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री
अभिनेत्री जेसी बकले को फिल्म ‘हैमनेट’ में दमदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री की ट्रॉफी मिली। फिल्म ‘सिनर्स’ की सिनेमैटोग्राफर ऑटम डुराल्ड अर्कापॉ, ऑस्कर में इतिहास रचते हुए पुरस्कार जीतने वाली पहली महिला सिनेमैटोग्राफर बन गईं। फिल्म केपोप डेमन हंटर्स ने – सर्वश्रेष्ठ एनिमेटेड फिल्म का पुरस्कार जीता।
प्रमुख विजेताओं की सूची
सर्वश्रेष्ठ फिल्म : वन बैटल आफ्टर अनदर
सर्वश्रेष्ठ निर्देशक : पॉल थॉमस एंडरसन
सर्वश्रेष्ठ अभिनेता : माइकल बी. जॉर्डन
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री : जेसी बकले
सर्वश्रेष्ठ सहायक : अभिनेता सीन पेन
सर्वश्रेष्ठ सहायक : अभिनेत्री एमी मैडिगन
सर्वश्रेष्ठ एनिमेटेड फिल्म : केपोप डेमोन हंटर्स

ईशा अंबानी पहली बार उतरीं
भारतीय उद्योगपति मुकेश और नीता अंबानी की बेटी ईशा अंबानी पति आनंद पिरामल के साथ समारोह में रेड कार्पेट पर पहली बार पहुंचीं।
प्रियंका का रेड कार्पेट पर जलवा
भारतीय अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने रेड कार्पेट पर जलवा बिखेरा। उन्होंने सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फिल्म का अवॉर्ड घोषित किया।













