ब्लिट्ज ब्यूरो
ठाणे। आर्थिक वर्ष 2025-26 के अंतिम महीने के मद्देनजर ठाणे मनपा की तरफ से पानी बिल की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पिछले सात दिनों में 4.22 करोड़ रुपये वसूल किए गए हैं। पानी बिल का बकाया नहीं चुकाने वाले 103 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए हैं।
जलापूर्ति विभाग ने पानी बिल की वसूली के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया। इसके तहत शहर की सभी 9 प्रभाग समितियों के अंतर्गत कुल 4 करोड़ 22 लाख 35 हजार 750 रुपये पानी बिल की वसूली की गई। आयुक्त सौरभ राव ने बताया कि बकाया वसूली अभियान आगे भी जारी रहेगा।
वसूली में मानपाडा प्रभाग समिति सबसे ऊपर रहा। यहां 1 करोड़ 14 लाख 65 हजार 750 रुपये की वसूली हुई। इसके बाद कलवा प्रभाग में 59 लाख 5 हजार 550 रुपये की वसूली हुई।
कलवा में 35 लोगों के पानी कनेक्शन को खंडित किया गया। नौपाडा प्रभाग समिति में 52 लाख 98 हजार 941 रुपये की वसूली हुई और 31 लोगों के पानी कनेक्शन काटे गए तथा बिल नहीं भरने वाले 60 लोगों को नोटिस जारी किया गया है। वर्तकनगर प्रभाग समिति में 49 लाख 94 हजार 751 रुपये की वसूली हुई तथा 5 कनेक्शन काटे गए। मनपा ने कार्रवाई जारी रहने की बात कही है।
31.37 लाख रुपये की हुई वसूली
लोकमान्य-सावरकर नगर प्रभाग में 31 लाख 37 हजार 858 रुपये की वसूली हुई और 10 ग्राहकों के पानी कनेक्शन काटे गए। वहीं, 97 लोगों को नोटिस भेजा गया है। वागले प्रभाग समिति में 25 लाख 13 हजार 857 रुपये, दिवा प्रभाग समिति में 23 लाख 64 हजार 631 रुपये की वसूली हुई। दिवा में 18 कनेक्शन काटे गए। मुंब्रा प्रभाग समिति में 16 लाख 60 हजार 158 रुपये तथा नागरिक सुविधा केंद्र के जरिए 12 लाख 32 हजार 411 रुपये की वसूली हुई।













