ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। क्या आपको सरकारी राशन कम मिल रहा है? या फिर सरकारी राशन को लेकर आपकी कोई और समस्या है, तो अब आप अपनी शिकायत सीधे अधिकारियों को बता सकते हैं। यहां कहीं ऑनलाइन शिकायत लिखकर भेजने की बात नहीं हो रही बल्कि ऑनलाइन मीटिंग में आप अपनी शिकायत अधिकारियों के सामने पेश होकर रख सकते हैं। दरअसल सरकार ने राशन लाभार्थियों की आवाज सीधे बड़े अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए एक ऑनलाइन शिकायत निवारण बैठक की शुरुआत की है। इसमें हर बुधवार दोपहर 3 से 4 बजे आप अधिकारियों के साथ ऑनलाइन मीटिंग में जुड़कर अपनी शिकायत रख सकते हैं।
खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने अपने X अकाउंट से इस बारे में जानकारी पोस्ट की है। पोस्ट के अनुसार लोग हर बुधवार को अधिकारियों के साथ एक ऑनलाइन मीटिंग में शामिल हो सकते हैं।
यह मीटिंग हर बुधवार शाम 3 से 4 बजे होती है, जिसे कोई भी मीटिंग के लिंक के द्वारा ज्वॉइन कर सकता है। इस मीटिंग में अधिकारी लोगों की सरकारी राशन से जुड़ी शिकायतों का निवारण करते हैं।
कैसे करें ज्वाइन?
राशन से जुड़ी अपनी शिकायत अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए आपको https://dfpd.gov.in/vc-link/en इस लिंक पर जाना होगा। यहां हर बुधवार को मीटिंग से ठीक पहले उसमें शामिल होने का लिंक उपलब्ध कराया जाता है। उस लिंक पर क्लिक कर आप आसानी से मीटिंग में शामिल हो सकते हैं।
ध्यान रखने वाली बातें
मीटिंग जॉइन करने से पहले इन बातों का ध्यान रखें कि यह लिंक सिर्फ दोपहर 3:00 से 4:00 बजे के बीच ही एक्टिव होता है। अन्य दिनों में लिंक उपलब्ध नहीं होगा। मीटिंग में जुड़ते समय अपना राशन कार्ड नंबर और दुकान का विवरण अपने पास रखें, ताकि अधिकारी को आप अपनी शिकायत बेहतर तरीके से समझा पाएं। मीटिंग में शामिल होने के लिए आपके फोन या लैपटॉप में अच्छा इंटरनेट कनेक्शन और कैमरा-माइक आदि की सुविधा जरूर रखें।













