ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। महाराष्ट्र में महिलाओं के यौन शोषण में घिरे नासिक के भोंदू बाबा अशोक खरात मामले को लेकर राजनीति गर्म है। विपक्ष के निशाने पर अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और महायुति सरकार है। मर्चेंट नेवी के कैप्टन से ज्योतिषी बनकर कर्मकांड के नाम पर महिलाओं का यौन शोषण कर रहे अशोक खरात से नजदीकी में महिला आयोग की चेयरपर्सन रूपाली चाकणकर का इस्तीफा हो चुका है। ऐसे में सवाल यह है कि सरकार अब रूपाली चाकणकर की जिम्मेदारी किसे सौंपेगी। रूपाली चाकणकर 2024 में दूसरी बार अध्यक्ष बनीं थीं।
महाराष्ट्र में मचे सियासी घमासान के बीच शरद पवार गुट के विधायक रोहित पवार ने चार नाम सजेस्ट किए हैं। पवार ने सरकार ने मांग की है कि महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग के चेयरपर्सन (अध्यक्ष) पद पर किसी ऐसे व्यक्ति को नियुक्त किया जाए जो जनहित को प्राथमिकता दे।
यह जरूरी है कि किसी निष्पक्ष, निडर और गहन कानूनी विशेषज्ञता रखने वाले व्यक्ति को नियुक्त किया जाए।
चार बड़ी हस्तियों के सुझाए नाम
रोहित पवार ने राज्य की पहली महिला डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार को टैग करते हुए लिखा है कि इस पद के लिए जैसे कि सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी मीरा चड्ढा बोरवंकर, सामाजिक क्षेत्र में विशिष्ट कीर्तिमान स्थापित करने वाली कोई हस्ती, जैसे एडवोकेट वर्षा देशपांडे, ‘मासूम’ संस्था की मनीषा गुप्ते या सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी मेधा गाडगिल जैसी शख्सियत को नियुक्त किया जाना चाहिए। पवार ने लिखा है कि इसी तरह की महिला की नियुक्त हो।
कम से कम वह गैर-राजनीतिक व्यक्तित्व हो। तभी केवल राज्य की पीड़ित महिलाओं को सच्चा न्याय मिल पाएगा। महाराष्ट्र की पूर्व आईपीएस मीरा बोरवंकर अपने समय की काफी तेजतर्रार पुलिस अधिकारी रही हैं। उनके जीवन पर ही बॉलीवुड की मर्दानी फिल्म बनी है। वह मुंबई पुलिस की पूर्व क्राइम ब्रांच प्रमुख के साथ पुणे की कमिश्नर भी रह चुकी हैं।
सुनेत्रा पवार पर बढ़ाया दबाव
रोहित पवार ने लिखा है कि तभी यह संतोष प्राप्त होगा कि तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद, अंतत: कुछ सकारात्मक परिणाम सामने आया है। रोहित पवार ने लिखा है कि यह निर्णय पूरी तरह से सुनेत्रा पवार के हाथों में है। हमें पूरी उम्मीद है कि वे एक सही चुनाव करेंगी। भोंदू बाबा अशोक खरात प्रकरण के बाद सुनेत्रा पवार के सामने रूपाली चाकणकर को महिला मोर्च के अध्यक्ष पद से भी हटाने का दबाव है। महिलाओं के साथ दुष्कर्म और फिर उन्हें ब्लैकमेल का आरोपी भोंदू बाबा अशोक खरात को कोर्ट ने पुलिस रिमांड पर भेजा है। महाराष्ट्र के झकझोर देने वाले इस मामले में पुलिस को उसके पास से 58 आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। पुलिस ने एक पिस्टल और कुछ जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।













