ब्लिट्ज ब्यूरो
गुरुग्राम। गुड़गांव मिलेनियम सिटी के सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली पार्क में रविवार सुबह महिला शक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। एक मीडिया हाउस की ऑल वुमन बाइक रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं हिस्सा लेने पहुंचीं। सुबह 6 बजे से ही पार्क में रौनक बढ़ने लगी। कई महिलाओं ने ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन करवाया। बाइक पर सवार शेरनियों ने जैसे ही हुंकार भरी तो पूरा शहर उनकी गर्जना से गूंज उठा।
रंग-बिरंगे परिधानों, सजी-धजी बाइक्स और जोश से भरी राइडर्स ने माहौल को उत्सव में बदल दिया। सुबह साढ़े 6 बजे से ही दिल्ली, नोएडा और गुड़गांव सहित आसपास के इलाकों से महिलाएं रैली में हिस्सा लेने पहुंचने लगी। रजिस्ट्रेशन काउंटर पर जहां एक ओर औपचारिकताएं पूरी हो रही थी तो वहीं दूसरी ओर महिलाएं सेल्फी लेती, आपस में बातचीत करती और अपने अनुभव साझा करती नजर आईं। कार्यक्रम की शुरुआत बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर विशाल श्रीवास्तव की शानदार प्रस्तुति के साथ हुई, जिसने माहौल को और भी जोशीला बना दिया। इस दौरान महिला राइडर्स अपने अलग अंदाज में इस पल को एंजॉय करती दिखीं।
आल वुमन बाइक रैली में गुरुग्राम के अलावा दिल्ली-एनसीआर की 150 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया। रैली 10 किमी. एरिया में निकाली गई। रैली में महिलाओं ने न केवल पारंपरिक श्रृंगार किया बल्कि बाइकों को भी सजाया था। कई ने बाइक पर नारी सशक्तिकरण से संबंधित स्लोगन भी लिखे थे।
नए भारत की बेटियां छू रहीं आसमान : विपुल
प्रदेश के यूएलबी मिनिस्टर विपुल गोयल ने कहा कि नए भारत की महिलाएं हर क्षेत्र में आसमान छू रही हैं। उनमें हिम्मत, आत्मविश्वास और कुछ कर दिखाने का जज्बा है। उन्होंने कहा कि 33 फीसदी आरक्षण के तहत साल 2029 में देश की संसद में भी महिला सांसदों की आवाज गूंजेगी।
ऑल वुमिन बाइक रैली में बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस मौके पर विपुल गोयल ने विभिन्न क्षेत्रों में मुकाम हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में तेजी से काम कर रही है।













