ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। इंस्टाग्राम पर एक इन्फ्लुएंसर ने अपने ‘यूनिक बिजनेस आइडिया’ से इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। इस शख्स ने एक लाख रुपये में रॉल्स रॉयस कार किराए पर ली और लोगों को 1000 रुपये में उसमें बैठकर चाय पीने और राइड का ‘लग्जरी एक्सपीरियंस’ बेचा। उनका यह ‘रॉयल चाय’ का वीडियो सोशल मीडिया पर करोड़ों लोगों का ध्यान खींच रहा है।
भारत में चाय सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि एक इमोशन है! नुक्कड़ पर मिलने वाली 10 रुपये की चाय से लेकर फाइव स्टार होटल की 500 रुपये की चाय तक, हर किसी का अपना मजा है लेकिन क्या आपने कभी 1000 रुपये की एक कप चाय पी है? वह भी दुनिया की सबसे लग्जरी कार ‘रॉल्स रॉयस’ के अंदर बैठकर? इंस्टाग्राम पर अपने अनोखे बिजनेस आइडियाज के लिए पहचाने जाने वाले इन्फ्लुएंसर ‘डीलक्स भैयाजी’ ने इस नामुमकिन से लगने वाले आइडिया को हकीकत में बदल दिया है और इंटरनेट की जनता उनके दिमाग की फैन हो गई है।
कैसे शुरू किया ‘रॉयल चाय’ का ये बिजनेस?
वीडियो की शुरुआत एक केतली से होती है, लेकिन कहानी धीरे-धीरे ‘लग्जरी’ की तरफ मुड़ जाती है। शख्स ने सबसे पहले एक लग्जरी कार रेंटल डीलर से 1 लाख रुपये देकर एक शानदार रॉल्स रॉयस कार किराए पर ली। इसके बाद चाय वाले भैया से प्रीमियम चाय तैयार करवाई और अपने इस खास बिजनेस के लिए एक अद्भुत पोस्टर छपवाया। गाड़ी को चमकाकर एक लोकेशन पर लाया गया। माहौल को ‘वीआईपी’ फील देने के लिए कार के दरवाजे के सामने रेड कार्पेट बिछाया गया। महंगी कुकीज रखी गईं। शख्स खुद किसी फाइव स्टार होटल के वेटर वाले लुक में तैयार होकर ग्राहकों का इंतजार करने लगा। देखते ही देखते उत्सुक लोगों की वहां भीड़ लग गई।













