ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली।भारत की टेनिस खिलाड़ी जेंसी कनाबर ने महज 14 साल और पांच महीने की उम्र में इतिहास रच दिया। वह किसी प्रोफेशनल सिंगल्स इवेंट के क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय महिला खिलाड़ी बन गईं। अभी तक यह रिकॉर्ड सानिया मिर्जा के नाम था। उनका रिकॉर्ड करीब 25 साल तक रहा लेकिन जेंसी कनाबर ने अब उसे तोड़ दिया है। सानिया ने 14 साल 5 महीने और 11 दिन की उम्र में पहली बार क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।
चार सेट पॉइंट बचाकर जीता मैच
जेंसी कनाबर ने आईटीएफ डब्ल्यू 15 नई दिल्ली टूर्नामेंट के राउंड ऑफ 16 में संदीप्ति सिंह राव को 6-3, 7-5 से हराया। दोनों ही खिलाड़ियों के बीच इस मुकाबले में कांटे की टक्कर देखने को मिली। कनाबर ने चार सेट पॉइंट बचाने के बाद मैच को अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही वह क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई। उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत जया कपूर पर 6-1, 6-1 की शानदार जीत के साथ की थी। यह उनके करियर का दूसरा ही आईटीएफ इवेंट है।
ऑस्ट्रेलियन ओपन अंडर-14 की चैंपियन
जेंसी कनाबर के करियर का ग्राफ काफी तेजी से ऊपर बढ़ रहा है। उन्होंने इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलियन ओपन अंडर-14 का खिताब जीता था। उन्होंने फाइनल में पहला सेट हारने के बाद मुसेम्मा सिलेक को 3-6, 6-4, 6-1 से हराया था।
वह गुजरात के जूनागढ़ की रहने वाली हैं। उनका जन्म 30 नवंबर 2011 को हुआ था। जेंसी ने बहुत कम उम्र में ही ट्रेनिंग शुरू कर दी थी और जूनियर सर्किट में अपना लोहा मनवा चुकी हैं।
वे ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन की गर्ल्स अंडर-14 और ‘अंडर-16’ कैटेगरी में नंबर 1 स्थान पर पहुंच गईं ं। इसके अलावा, 2026 की शुरुआत तक उन्होंने एआईटीए की विमेंस सिंगल्स रैंकिंग में भी अपनी जगह बना ली थी।













