ब्लिट्ज ब्यूरो
वाशिंगटन। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में होने जा रहे फीफा विश्व कप 2026 का आगाज 11 जून से होगा। टूर्नामेंट में 48 टीमें शामिल होंगी। फुटबॉल का जुनून अगर आपके सिर पर सवार है, तो जेब ढीली करने के लिए तैयार रहिए। फीफा ने फाइनल के लिए टिकट की अधिकतम कीमत में एक बार फिर बढ़ोतरी की है। अब यह 32 लाख की मिलेगी।
दिसंबर में टूर्नामेंट के ड्रॉ के बाद जब फीफा ने टिकट बेचे थे तब श्रेणी एक के टिकट की कीमत 8,680 अमेरिकी डॉलर थी यानी 8.12 लाख रुपये थी। इसके बाद कीमत में बढ़ोतरी हुई और 10,990 अमेरिकी डॉलर यानी 10.28 लाख भारतीय रुपये कर दी गई। अब फीफा ने 19 जुलाई को न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में खेले जाने वाले मुकाबले के लिए टिकट की कीमत 32,970 डॉलर यानी 31,10,816 रुपये कर दी है। यह दाम अहमदाबाद में हुए टी20 विश्वकप के फाइनल की टिकट की दाम से लगभग 42 गुना ज्यादा है।













