ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली।दिल्ली कौशल एवं उद्यमिता विश्वविद्यालय (डीएसईयू) ने 21 डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में 1,000 सीटें बढ़ाई हैं। कुलपति प्रो. अशोक कुमार नागावत के अनुसार, पहले सीटें करीब 3,000 थीं, जो अब बढ़कर 4,190 हो गई हैं। प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और ब्रोशर भी जारी कर दिया गया है, जिसमें कोर्स की विस्तृत जानकारी उपलब्ध है। यह विश्वविद्यालय दिल्ली सरकार से मान्यता प्राप्त है, इसलिए 85% सीटें दिल्ली के छात्रों के लिए आरक्षित हैं, जबकि 15% सीटें बाहरी छात्रों के लिए हैं। तकनीकी डिप्लोमा में प्रवेश प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है।
प्रवेश के लिए ये योग्यता अनिवार्य
तकनीकी डिप्लोमा (टीडीटी) में प्रवेश के लिए संस्थान ने पात्रता मानदंड जारी किए हैं। तीन वर्षीय डिप्लोमा (आर्किटेक्चर छोड़कर) के पहले सेमेस्टर में प्रवेश हेतु अभ्यर्थी के पास निम्न में से कोई एक योग्यता होनी चाहिए। पहला, अभ्यर्थी ने किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कक्षा 10 उत्तीर्ण की हो और संबंधित विषयों में कम से कम 40% अंक या समकक्ष ग्रेड प्राप्त किया हो। दूसरा, राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद से मान्यता प्राप्त संस्थान का दो वर्षीय नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट, जिसमें न्यूनतम 40% अंक आवश्यक हैं।
तीसरा, कक्षा 8 के बाद राष्ट्रीय क्रेडिट फ्रेमवर्क स्तर 3.0 घर 40 क्रेडिट हासिल करने वाले भी पात्र होंगे। आर्किटेक्चर डिप्लोमा के लिए केवल कक्षा 10 पास होना अनिवार्य है।
ऐसे करें आवेदन
www.admission-diploma.dseu.ac.in/ के माध्यम से अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद काउंसलिंग होगी। इसके बाद अभ्यर्थी दाखिला के लिए फीस जमा कर सकेंगे। इसकी तिथि संस्थान बाद में जारी करेगा।
सहायता के लिए यहां मेल करें
संस्थान ने आवेदन संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए हेल्पडेस्क की मेल आईडी जारी है। अभ्यर्थी helpdesk-admission@dseu.ac.in पर मेल कर सकते हैं।
इस बार ये कोर्स शुरू
विश्वविद्यालय ने रोजगारोन्मुखी पांच नए डिप्लोमा कोर्स शुरू किए हैं। इनमें एडवांस मैन्युफैक्चरिंग (प्रोडक्शन), रोबोटिक्स व ऑटोमेशन, सेमीकंडक्टर चिप मैन्युफैक्चरिंग, वेल्डिंग टेक्नोलॉजी और वायरलेस व मोबाइल कम्युनिकेशन शामिल हैं। प्रो. नागावत ने बताया कि बढ़ती मांग को देखते हुए ये कोर्स शुरू किए गए हैं, ताकि छात्रों को बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।
दाखिले के फॉर्म में सभी विषयों के अंक भरना अनिवार्य
दिल्ली कौशल एवं उद्यमिता विश्वविद्यालय (डीएसईयू) ने प्रवेश आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश जारी किए है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि आवेदन फॉर्म में सभी विषयों के अंक मूल अंकतालिका के अनुसार भरे, केवल टॉप 4 या 5 विषयों के नहीं। कुल प्रतिशत सभी विषयों के आधार पर तय होगा, इसलिए किसी विषय को छोड़ना आवेदन को प्रभावित कर सकता है। शुल्क जमा करने के बाद आवेदन में कोई संशोधन संभव नहीं होगा। इसके लिए अलग से करेक्शन विडो 26 से 28 मई तक खोली जाएगी। इस अवधि के बाद किसी भी प्रकार का सुधार स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इन पाठ्यक्रमों में आवेदन करें
- आर्किटेक्चर में डिप्लोमा
- ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग डिप्लोमा
- केमिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा
- सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा
- ग्रीन इन्फ्रास्ट्रक्चर में सिविल इंजीनियरिंग डिप्लोमा
- कंप्यूटर इंजीनियरिंग (एआई टूल्स) में डिप्लोमा
- इलेक्टि्रकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा
- इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में डिप्लोमा
- मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा
- मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में डिप्लोमा
- पेट्रोकेमिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा
- प्लास्टिक टेक्नोलॉजी में डिप्लोमा
- पॉलिमर टेक्नोलॉजी में डिप्लोमा
- प्रिसीजन इंजीनियरिंग में डिप्लोमा
- प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी में डिप्लोमा
- टूल एंड डाई मेकिंग में चार वर्षीय यूजी डिप्लोमा













