ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को निकट भविष्य में अमेरिका की यात्रा का न्योता दिया। दोनों ने भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं, विशेष रूप से रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों पर विचार-विमर्श किया।
मुलाकात के दौरान रूबियो ने इस बात पर जोर दिया कि अमेरिका ईरान को वैश्विक ऊर्जा बाजार को बंधक बनाने नहीं देगा और इस बात की पुष्टि की कि अमेरिकी ऊर्जा उत्पादों में भारत की ऊर्जा आपूर्ति में विविधता लाने की क्षमता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका वैश्विक हित के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।
प्रधानमंत्री को ट्रंप की ओर से दिया अमेरिका यात्रा का न्योता
अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो ने कोलकाता की संक्षिप्त यात्रा के बाद विमान से नई दिल्ली उतरने के कुछ समय बाद प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। अमेरिकी विदेश मंत्री की चार दिवसीय यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को सुधारना था, जिनमें पिछले साल के मध्य से ही तनाव है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मिलकर मुझे प्रसन्नता हुई। हमने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में निरंतर प्रगति और क्षेत्रीय एवं वैश्विक शांति एवं सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की।’
उन्होंने कहा, ‘भारत और अमेरिका वैश्विक हित के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।’ प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो ने प्रधानमंत्री मोदी को रक्षा, रणनीतिक प्रौद्योगिकी, व्यापार और निवेश, ऊर्जा सुरक्षा, संपर्क, शिक्षा और दोनों देशों की जनता के स्तर पर संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग-साझीदारी का भरोसा दिलाया।













