ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। अभी तक आप कई देशों के बारे में सुन रहे होंगे कि फलां देश भारतीयों को फ्री वीजा ऑफर कर रहा है, मतलब आप इन जगहों पर पासपोर्ट के साथ और कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट्स के साथ सफर कर सकते हैं लेकिन अब ऐसे देशों की लिस्ट में एक और देश भी जुड़ चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक, पर्यटन को बढ़ावा देने और भारत से रिश्ते मजबूत करने के लिए पलाऊ नाम के देश ने भारतीय नागरिकों को 30 दिन तक वीजा फ्री एंट्री देने की घोषणा की है। ये जगह खासकर उन लोगों के लिए है जो प्राकृतिक और शांत माहौल में घूमना पसंद करते हैं। ये खबर फिलीपींस की वीजा फ्री एंट्री की घोषणा के कुछ बाद आई है। चलिए आपको इस देश के बारे में बताते हैं।
पलाऊ एक छोटा-सा खूबसूरत द्वीपीय देश है जो प्रशांत महासागर में माइक्रोनेशिया क्षेत्र में बसा है। यह जगह अपने साफ-सुथरे नीले समुद्री पानी, हरे-भरे जंगलों और समुंदर की खूबसूरत दुनिया के लिए मशहूर है। यहां आपको जमीन और पानी दोनों में दूसरे विश्व युद्ध से जुड़े कई निशान देखने को मिलेंगे जो इतिहास और रोमांच पसंद करने वालों को खूब पसंद आते हैं। अब भारतीय पर्यटकों के लिए खुशखबरी है! पलाऊ ने भारतीय नागरिकों को 30 दिनों तक बिना वीजा के वहां घूमने की अनुमति दे दी है। यानी अब बिना किसी झंझट के आप इस खूबसूरत देश की सैर कर सकते हैं।
पलाऊ जाने के लिए आपको मनीला (फिलीपींस), ताइपेई (ताइवान) या सियोल (दक्षिण कोरिया) जैसे शहरों से फ्लाइट बदलनी पड़ती है। अब भारत से सीधे उड़ानें शुरू होने जा रही हैं, जिससे वहां पहुंचना और आसान हो जाएगा। अब कुल 58 देश ऐसे हो गए हैं, जो भारतीय पासपोर्ट धारकों को वीजा-फ्री या वीजा-ऑन-अराइवल एंट्री देते हैं।























