ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के साथ मुलाकात की। इस दौरान सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण पर ध्यान केंद्रित करते हुए दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया पोस्ट में इस मुलाकात की फोटो साझा करने के साथ लिखा कि वह इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में अमेरिका की मजबूत भागीदारी की उम्मीद करते हैं। उन्होंने लिखा, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के साथ अच्छी मुलाकात हुई। सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और आपूर्ति श्रृंखला के लचीलेपन पर ध्यान केंद्रित करते हुए रणनीतिक संबंध मजबूत करने पर चर्चा की। यह मुलाकात भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौते के कुछ ही दिनों बाद और इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट से पहले हुई है। नई दिल्ली में यह समिट 16 से 20 फरवरी तक होने वाला है। यह अब तक आयोजित चार वैश्विक एआई समिट में सबसे बड़ी होगी। यह कार्यक्रम पहले से ही खासी सुर्खियां हासिल कर चुका है, जो जिम्मेदार, समावेशी और प्रभाव आधारित एआई पर बढ़ते अंतरराष्ट्रीय फोकस के साथ-साथ वैश्विक एआई नैरेटिव को आकार देने में भारत की बढ़ती भूमिका को दर्शाएगा।

























