ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में जॉइंट सेक्रेटरी और समकक्ष स्तर के 48 अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों को मंजूरी दे दी है। इस बड़े प्रशासनिक बदलाव में सबसे प्रमुख नाम गुजरात कैडर के 2010 बैच के आईएएस अधिकारी हार्दिक सतीशचंद्र शाह का है, जिन्हें प्रधानमंत्री के निजी सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति ज्वाइंट सेक्रेटरी स्तर पर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में की गई है।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, हार्दिक शाह की नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी। यह नियुक्ति को टर्मिनस बेसिज पर या अगले आदेश तक लागू रहेगी। उन्हें पे मैट्रिक्स लेवल-14 के अंतर्गत यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार द्वारा किए गए इस व्यापक फेरबदल का उद्देश्य विभिन्न अहम मंत्रालयों में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती कर प्रशासनिक दक्षता को और मजबूत करना है। रक्षा, वित्त, इंफ्रास्ट्रक्चर, सामाजिक क्षेत्र और नीति निर्माण से जुड़े विभागों में इन नियुक्तियों के जरिए शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की कोशिश की जा रही है।
हार्दिक शाह की पीएमओ में नियुक्ति को केंद्र सरकार के रणनीतिक प्रशासनिक कदम के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि प्रधानमंत्री कार्यालय देश के सबसे अहम निर्णयों का केंद्र होता है। ऐसे में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती सरकार की प्राथमिकताओं और प्रशासनिक मजबूती को दर्शाती है।













