ब्लिट्ज ब्यूरो
हैदराबाद। नीट पेपर लीक का मामला जब देशभर में गरमाया हुआ है, तब नचाराम पुलिस ने हैदराबाद में आयोजित सीएसआईआर-आईआईसीटी भर्ती परीक्षा के दौरान कथित तौर पर सामूहिक नकल करने के आरोप में उत्तरी राज्यों के 11 उम्मीदवारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मल्टी-टास्किंग स्टाफ और चौथी श्रेणी के पदों जैसे अटेंडर, क्लर्क और हेड कुक के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी।
यह परीक्षा उन उम्मीदवारों के लिए आयोजित की गई थी, जो पहले सीएसआईआर-आईआईसीटी द्वारा आयोजित ट्रेड टेस्ट में उत्तीर्ण हो चुके थे।
परीक्षा केंद्र नचाराम स्थित सेंट पायस डिग्री कॉलेज में बनाया गया था। परीक्षा के दौरान, पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि कुछ उम्मीदवार मॉडर्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से अनुचित साधनों का उपयोग कर रहे हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए, नचाराम पुलिस परीक्षा केंद्र पहुंची और जांच-पड़ताल की। जांच के दौरान, कथित तौर पर 11 उम्मीदवार ऐसे पाए गए जो परीक्षा को हल करने के लिए माइक्रोचिप-आधारित गैजेट्स और छिपे हुए डिवाइस उपयोग कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने परीक्षा के दौरान इन डिवाइस को इस तरह से गुप्त रूप से लगाया गया था ताकि निरीक्षकों की पकड़ में न आ सकें।













