ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। आरएसएस चीफ मोहन भागवत ने कहा है कि भारत के पास शक्तिशाली होने के अलावा कोई विकल्प नहीं है क्योंकि वह अपनी सभी सीमाओं पर बुरी ताकतों की दुष्टता को देख रहा है। भागवत ने हिंदू समाज से एक होने और भारतीय सेना को ताकतवर बनाने की अपील की ताकि कई शक्तियां एक साथ आने पर भी उसे जीत न सकें।
भागवत ने कहा- कृषि, औद्योगिक और वैज्ञानिक क्रांतियां खत्म हो चुकी हैं। अब दुनिया को एक धार्मिक क्रांति की जरूरत है और भारत को ही इसका रास्ता दिखाना होगा। संघ प्रमुख ने वीकली मैगजीन ‘ऑर्गनाइजर’ को एक इंटरव्यू में भारत की सेना, अर्थव्यवस्था, हिंदू समाज, धर्म पर अपनी बात रखी। यह इंटरव्यू बेंगलुरु में आरएसएस की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक के बाद लिया गया था। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ताकत को सद्गुणों और नैतिकता से भरा होना चाहिए क्योंकि क्रूर शक्ति दिशाहीन हो सकती है और खुलेआम हिंसा कर सकती है।

























