ब्लिट्ज ब्यूरो
मिर्जापुर। ददरी खुर्द में उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े कोयला आधारित पावर प्लांट का निर्माण कराया जा रहा है। उद्योगपति गौतम अडाणी हेलीकॉप्टर से पहुंचे और निर्माणाधीन पावर प्लांट का निरीक्षण किया।
निर्माणाधीन 1600 मेगावाट पावर प्लांट का निरीक्षण करने के दौरान गौतम अडाणी ने परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने करीब 40 मिनट तक प्लांट का जायजा लिया। अडाणी समूह कोयला आधारित 1600 मेगावाट का पावर प्लांट ददरी खुर्द में लगा रहा है। यूपीपीसीएल और अडानी पावर के अधिकारियों के बीच बिजली आपूर्ति समझौते पर हस्ताक्षर भी हो चुका है।
अनुबंध के अनुसार, कंपनी ग्रीनफील्ड 2×800 मेगावाट (1600 मेगावाट) नए अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल पावर प्लांट से बिजली सप्लाई देगी। 5.383 रुपये प्रति यूनिट दर से बिजली दी जाएगी, जो काफी किफायती होगी। इससे 25 साल में 2958 करोड़ रुपये की बचत होगी।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना से बड़े पैमाने पर रोजगार मिलने की भी उम्मीद है। निर्माण चरण के दौरान लगभग 8,000 से 9,000 लोगों को अस्थायी रोजगार मिलेगा, जबकि संचालन शुरू होने के बाद लगभग 2,000 लोगों को स्थायी रोजगार प्राप्त होगा।
प्लांट में आधुनिक अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जा रहा है। यह तकनीक ईंधन की खपत को कम करने और प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करने में सहायक होगी। परियोजना को पर्यावरण मंत्रालय से अंतिम पर्यावरण मंजूरी भी मिल चुकी है।
































