ब्लिट्ज ब्यूरो
माले। बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ अब मालदीव की ग्लोबल टूरिज्म एम्बेसडर बन गई हैं। सोशल मीडिया पर यह घोषणा की गई। ‘विजिट मालदीव’ ने इस खबर को शेयर करते हुए कहा कि वे कैटरीना कैफ को अपने ग्लोबल ब्रांड एम्बेसडर के रूप में पाकर बेहद खुश हैं। गौरतलब है कि कैटरीना भारत में ब्रांड एंडोर्समेंट की दुनिया का बड़ा चेहरा हैं।
कैटरीना ने इस मौके पर कहा, मालदीव लग्जरी और नेचुरल ब्यूटी का शिखर है, ऐसी जगह जहां सादगी और शांति एक साथ मिलती है। ‘सनी साइड ऑफ लाइफ’ का फेस बनकर मुझे गर्व महसूस हो रहा है। इस कोलेबोरेशन के जरिए मैं दुनियाभर के लोगों को मालदीव की खासियत और बेहतरीन यात्रा अनुभव से परिचित कराने के लिए उत्साहित हूं।
यह कोलेबोरेशन ऐसे वक्त में हुआ है जब भारत और मालदीव के रिश्तों में पिछले साल जनवरी के बाद से कड़वाहट देखी गई थी। इसके चलते भारत से मालदीव जाने वाले पर्यटकों की 40 प्रतिशत तक कम हो गई है। मालदीव ने हाल ही में कैंपेन लॉन्च किया है ताकि दुनियाभर से सैलानी मालदीव की खूबसूरती और लग्जरी अनुभवों को जान सकें। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने मालदीव की यात्रा पर जा सकते हैं।
गौरतलब है कि 2024 की शुरुआत में दोनों देशों के रिश्तों में खटास आई थी। 7 जनवरी 2024 को भारत में हैश टैग बायकॉट मालदीव्ज ट्रेंड हुआ था। पीएम मोदी ने लक्षद्वीप दौरे का एक वीडियो शेयर किया था। इसमें खूबसूरती के लिहाज से लक्षद्वीप मालदीव को टक्कर देता नजर आया। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोग कहने लगे थे कि लाखों रुपए खर्च कर मालदीव जाने से बेहतर है कि लक्षद्वीप जाएं।
इससे मालदीव के मंत्री और नेता नाराज नजर आए थे। उस समय मंत्री मरियम शिउना, डिप्टी मिनिस्टर्स अब्दुल्ला महजूम माजिद और माल्शा शरीफ ने प्रधानमंत्री मोदी के लक्षद्वीप दौरे को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। मंत्री मरियम शिउना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में पीएम मोदी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
बॉलीवुड स्टार्स ने किया था लक्षद्वीप को सपोर्ट
मालदीव के नेताओं की आपत्तिजनक पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर भारतीयों और मालदीव के नागरिकों के बीच जंग छिड़ गई थी। भारत के लोगों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि देश में हैशटैग ‘बायकॉट मालदीव्स’ ट्रेंड करने लगा था। लोगों ने मालदीव का जमकर विरोध किया था।
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सितारों ने भी मालदीव के विरोध में सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की थीं। अक्षय कुमार, जॉन अब्राहम, श्रद्धा कपूर ने लक्षद्वीप की तस्वीरें शेयर की और लिखा था कि यहां छुट्टियां मनाने जरूर आएं।
भारत से मालदीव जाने वाले टूरिस्ट 40% तक घट चुके हैं। मालदीव और भारत के बीच जारी गतिरोध का असर वहां के टूरिज्म पर पड़ा है। जनवरी 2024 से अप्रैल 2024 तक मालदीव पहुंचने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या में 40 फीसदी गिरावट आई थी।























