ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली।छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने ऐलान किया है कि औरंगजेब के मकबरे वाले शहर खुलदाबाद का नाम बदलकर जल्द ही रत्नापुर रखा जाएगा। यह फैसला औरंगजेब के मकबरे को लेकर हुए विवाद के बाद लिया गया है।
छत्रपति संभाजीनगर के संरक्षक मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि हम खुलदाबाद का नाम सच में बदल नहीं रहे हैं। इस शहर को पहले रत्नापुर के नाम से जाना जाता था। सरकारी रिकॉर्ड में भी यही नाम दर्ज है। हम सिर्फ उस पुराने नाम को वापस ला रहे हैं जिसे मुगलों ने बदल दिया था। यह एक आधिकारिक सुधार होगा। खुलदाबाद, महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से लगभग 35 किलोमीटर दूर है। कई दक्षिणपंथी समूहों ने पहले ही मकबरे को हटाने की मांग की है। नए चुने गए भाजपा एमएलसी संजय केनेकर ने खुलदाबाद का नाम बदलने की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा, ‘हमें औरंगजेब के मकबरे को गिराने की जरूरत नहीं है, बस मुगल बादशाह को लोगों के दिलों से निकालने की जरूरत है।
खुलदाबाद का नाम रत्नापुर करने के अलावा, उस शहर में संभाजी महाराज का स्मारक बनाने की भी जरूरत है।’