ब्लिट्ज ब्यूरो
भोपाल। मप्र सरकार का नया विमान जून तक कनाडा से आ जाएगा। शासन स्तर पर इसकी तैयारी लगभग हो गई है। यह कनाडा की बॉम्बार्डियर इंक कंपनी का है। चैलेंजर-3500 नामक विमान सुपर मिड साइज जेट एयरोप्लेन है, जो अत्याधुनिक एडवांस तकनीक से लैस है। इसकी खासियत है कि यह किसी भी मौसम में, दिन हो या रात, कभी भी उड़ान भर सकेगा। विमान की रफ्तार अच्छी है। यह पहला प्लेन है, जिसमें एडवांस वाइस कंट्रोल कैबिन मौजूद है।
विमान विभाग का कहना है कि प्लेन 4850 फीट की ऊंचाई पर भी आसानी से उड़ सकेगा। इसकी एयर सर्कुलेशन की तकनीक केबिन को दो मिनट में ठंडा कर सकती है। विमान 10 सीटर होगा, जिसकी अधिकतम स्पीड 870 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।
अधिकतम 6297 किलोमीटर तक उड़ान भर सकेगा। यानी, मप्र से विमान बिना रुके जापान तक जा सकेगा। वर्तमान में इस कंपनी के देश में 30 से 40 विमान उड़ रहे हैं। यहां बता दें कि मध्य प्रदेश सरकार के पास 2021 से कोई विमान नहीं था। तब से ही नया विमान खरीदने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी, जो अब जाकर पूरी हुई है। अभी सरकार किराए से विमान ले रही थी।
बॉम्बार्डियर इंक का 10 सीटर जेट
वाइस कंट्रोल केबिन, अत्याधुनिक एडवांस टेक्नोलॉजी एविओनिक्स सिस्टम के साथ हाई क्वालिटी सेफ्टी फीचर हैं।
एक बार में कुल 09 पैसेंजर यात्रा कर सकते है। केबिन हाइट 6 फीट है। चौड़ाई लगभग 7 फीट 2 इंच है।
टेकऑफ के लिए फील्ड लेंथ 1474 मीटर है। यानी, छोटे रनवे से भी उड़ान भर सकेगा।
अधिकतम उड़ान क्षमता 45 हजार फीट है।
इसमें रिवॉल्विंग और 360 डिग्री घूमने वाली सीट होगी। काउच और एडवांस पेंट्री किचन भी होगी।
चैलेंजर-3500 के कॉकपिट के अंदर स्टैंडर्ड ऑटोथोरल सिस्टम होगा। यह महज 7 मिनट के भीतर उड़ान भर सकेगा।
इसमें एक बार में 3400 नॉटिकल माइल्स उड़ान भरने की क्षमता रहेगी।
अगले साल फ्रांस से आएगा हेलिकॉप्टर
एच 160 हेलिकॉप्टर फ्रांस की कंपनी एयरबस हेलिकॉप्टर द्वारा मप्र सरकार लेगी। यह जनवरी 2027 में मप्र आएगा। इस कंपनी के वर्तमान में लगभग 06 हेलिकॉप्टर भारत में उड़ रहे हैं।













