ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। जेवर में 11077.60 करोड़ की लागत से बनकर तैयार नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट कई मायनों में देश के अन्य एयरपोर्ट से अलग है। एयरपोर्ट मॉडर्न आर्किटेक्चर और भारतीय वास्तुकला के बेजोड़ कॉम्बिनेशन से तैयार किया गया है। एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग यात्रियों को डिजिटल और तेज सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह तैयार है। यात्री टर्मिनल में प्रवेश के साथ ही जटिल सजावटी जालीदार स्क्रीन से तैयार कोर्ट इसकी खूबसूरती को चार चांद लगा रहा है।
नोएडा एयरपोर्ट पर लगा सीमेंस बैरियो-ट्रे सिस्टम हर मिनट 70 ट्रे के बैगेज की जांच कर आगे बढ़ाएगी। यह स्पीड 10 मीटर/सेकेंड है जो दिल्ली एयरपोर्ट के आइसीएस के 2.1मी/सेकेंड से पांच गुना तेज है। ये सिस्टम दुबई, बीजिंग, पेरिस जैसे एयरपोर्ट पर संचालित है।
एयरपोर्ट प्रवेश के समय सुरक्षा जांच के लिए 13 सुरक्षा गेट, छह एक्सरे मशीनें लगी हैं। सुरक्षा चेक इन के बाद सिर्फ 60 मीटर का रास्ता तय करना है। पैसेंजर एंट्री से बोर्डिंग गेट तक 15 से 20 मिनट में पहुंच सकते हैं।
48 चेक इन काउंटर
भीड़ से बचाव के लिए 48 चेक इन काउंटर पूरी तरह तैयार हैं। इसके अलावा नौ सिक्योरिटी लेंस, 19 इमिग्रेशन काउंटर भी बनाए गए हैं। फोरकोर्ट से डोमेस्टिक डिपार्चर के लिए फर्स्ट फ्लोर पर स्वचालित सीढ़ियों से पहुंचना होगा।
चेहरा ही बोर्डिंग पास
एयरपोर्ट पूरी तरह से डिजी यात्रा बायोमीट्रिक सिस्टम से लैस है। बिना किसी कागजात के केवल यात्री का चेहरा ही बोर्डिंग पास होगा।
पहला चरण: यात्री क्षमता 1.2 करोड़
जेवर के छह गांव की 1334 हेक्टेयर जमीन पर पहले चरण में एक रनवे और टर्मिनल बिल्डिंग के साथ बने एयरपोर्ट की यात्री क्षमता 1.2 करोड़ है।
सेल्फ बैगेज ड्रॉप सिस्टम
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सेल्फ बैगेज जांच के लिए शानदार सिस्टम से किया गया है। मात्र 30 सेकेंड में बैगेज जमा किया जा सकेगा। एयरपोर्ट पर लगी सेल्फ बैगेज मशीन एक घंटे में 100 से अधिक यात्रियों के बैगेज लोड करेगी।
प्रतीक्षालय की हर सीट में चार्जिंग और वाई-फाई
प्रतीक्षालय में लगी सभी सीटों पर मोबाइल फोन चार्जिंग और वाई-फाई की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
20 अप्रैल के आसपास शुरू हो सकती हैं डोमेस्टिक व कार्गो विमान सेवाएं
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का 28 मार्च को उद्घाटन तो होगा लेकिन एयरपोर्ट से विमान सेवा के लिए यात्रियों को अभी कुछ दिन इंतजार करना पड़ सकता है। 20 अप्रैल के आसपास एयरपोर्ट से घरेलू व कार्गो विमान सेवा शुरू हो सकती हैं। शुरुआत में एयरपोर्ट से देश के 60-65 शहरों के लिए ही विमान सेवा शुरू होगी।
एनसीआर के दूसरे इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरुआत में यात्रियों को केवल देश के शहरों के लिए ही विमान सेवा की सुविधा मिलेगी। छह माह के बाद इंटरनेशनल विमान सेवा शुरू होगी। विमान सेवा के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने आकासा, इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ अनुबंध किया है। इंडिगो शुरुआत में देश के 20 से 25 शहरों के लिए विमान सेवा शुरू कर सकती है।













