ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। देश के दिग्गज कारोबारी मुकेश अंबानी एक नई कंपनी शुरू करने जा रहे हैं और इसके लिए उन्होंने एक नामी विदेशी कंपनी के साथ अहम करार किया है। दरअसल, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज (जेएफएसएल) और जर्मनी की मशहूर इंश्योरेंस कंपनी अलॉयंज ग्रुप ने मिलकर भारत में एक नई इंश्योरेंस कंपनी शुरू करने का एलान किया है। यह कंपनी जनरल इंश्योरेंस और हेल्थ इंश्योरेंस, दोनों क्षेत्रों में काम करेगी। कंपनी ने प्रेस रिलीज में इसकी जानकारी दी है। इस पार्टनरशिप की सबसे खास बात यह है कि इसमें दोनों कंपनियों की हिस्सेदारी 50:50 होगी। यह समझौता भारत सरकार के ‘इन्श्योरेंस बार आल बाई 2047’ के विजन को ध्यान में रखकर किया गया है।
क्या है इस ज्वाइंट वेंचर का प्लान?
इस जॉइंट वेंचर (जेवी) का मकसद इंश्योरेंस को आम आदमी तक आसानी से पहुंचाना है। इसमें दो बड़ी ताकतें एक साथ मिलकर काम करेंगी।
जिओ की ताकत: जियो की डिजिटल पहुंच और कोने-कोने में मौजूद नेटवर्क।
अलायंज का अनुभव: 136 सालों का ग्लोबल इंश्योरेंस अनुभव और बेहतरीन बीमा प्रोडक्ट्स। इन दोनों के मिलने से ग्राहकों को ऐसी इंश्योरेंस पॉलिसी मिलेंगी जो समझने में आसान होंगी, डिजिटल तरीके से आसानी से खरीदी जा सकेंगी और हर बजट के लिए उपयुक्त होंगी।
अलायंज का क्या कहना है?
अलायंज ग्रुप के सीईओ ओलिवर बेट ने कहा कि जियो की जबर्दस्त पहुंच और अलायंज के अनुभव के साथ मिलकर, वे भारत के लिए एक बिल्कुल नया इंश्योरेंस मॉडल तैयार करेंगे। यह मॉडल ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया जाएगा, जिससे लोगों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।













