ब्लिट्ज ब्यूरो
रोम। विदेश यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांचवें देश के दौरे के आखिरी पड़ाव में रोम पहुंचे। इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी के निमंत्रण पर पीएम मोदी रोम पहुंचे थे। उनका स्वागत करते हुए इटली की प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है। भारत के पीएम मोदी पहली बार इटली के द्विपक्षीय दौर पर थे। भारत और इटली नजदीकी साथी के तौर पर काम कर रहे हैं। भारत से इटली के मजबूत रणनीतिक संबंध भी हैं। दोनों नेताओं ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने इटली को भारत का अहम साझेदार बताया, साथ ही कहा कि हमारी बातचीत तय एजेंडे से कहीं आगे की है। टेक्नोलॉजी और इनोवेशन, दोनों देशों के लिए पार्टनरशिप इंजन हैं। साथ ही कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग पर काम जारी है।
पीएम मोदी ने इटली के साथ शिपिंग, बंदरगाह, मॉर्डनाइजेशन, लॉजिस्टिक और ब्लू इकोनॉमी पर मिलकर काम करने की बात भी कही है। उन्होंने कहा है कि हमारे डिफेंस इंडस्टि्रयल रोडमैप से को-डेवलपमेंट और को-प्रोडक्शन का रास्ता खुला है। समुद्री शक्ति के रूप में भारत और इटली के बीच कनेक्टिविटी के एरिया में करीबी सहयोग स्वाभाविक है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी ने इटली गणराज्य की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मशहूर विला डोरिया पैम्फिली में मुलाकात की। पीएम को औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत हुई।
जायसवाल ने बताया कि दोनों नेताओं ने संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025 – 29 के कार्यान्वयन में हुई प्रगति की समीक्षा की है। द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा और समृद्ध बनाने पर सहमति जताई है, विशेष रूप से व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, रक्षा, ब्लू इकोनॉमी, कनेक्टिविटी, शिक्षा के क्षेत्र में। इसके अलावा जियो पॉलिटिक्स से जुड़े घटनाक्रमों पर चर्चा की गई है।
साथ ही साझा हितों वाले वैश्विक मुद्दों पर मिलकर काम करने पर सहमति बनी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि एक महत्वपूर्ण फैसले में दोनों पक्ष भारत-इटली संबंधों को ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक ले जाने पर सहमत हुए।
मोदी ने गिफ्ट की टॉफी, मेलोनी बोलीं, आप मेरे सबसे अच्छे दोस्त
पीएम मोदी और इटली की पीएम मेलोनी से जुड़ी कई तस्वीरें सामने आई हैं। पीएम मोदी ने मेलोनी को मेलोडी टॉफियों का एक पैकेट गिफ्ट में दिया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में मेलोनी कह रही हैं कि प्रधानमंत्री मोदी मेरे लिए उपहार के तौर पर एक बहुत ही बढ़िया टॉफी लाए हैं। इसके अलावा उन्होंने पीएम मोदी को अपना सबसे अच्छा दोस्त बताया।













