ब्लिट्ज ब्यूरो
मास्को। यूक्रेन युद्ध की समाप्ति के प्रयास के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जनवरी में राष्ट्रपति बनते ही इस दिशा में सक्रिय प्रयास शुरू किए लेकिन प्रधानमंत्री मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग इसके लिए पहले से प्रयास कर रहे थे। पुतिन ने यह बात यूक्रेन में युद्धविराम मुद्दे पर अपने पहले सार्वजनिक बयान में कही।
पुतिन ने कहा, वह युद्धविराम के लिए तैयार हैं लेकिन उसकी शर्तों को स्पष्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने जुलाई 2024 में दिए अपने बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि रूस अल्प अवधि का युद्धविराम नहीं चाहता, वह लंबे समय की शांति का पक्षधर है। साथ ही रूस युद्ध के कारण का स्थायी समाधान चाहता है। पुतिन ने मास्को में ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकाफ के साथ युद्धविराम पर लंबी वार्ता की। 11 मार्च को सऊदी अरब के जेद्दा शहर में हुई बैठक में अमेरिका और यूक्रेन के बीच 30 दिन के युद्धविराम पर सहमति बनी थी, 13 मार्च को रूस ने भी उसके लिए तैयार होने की बात कह दी। जबकि कीव में यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि क्षेत्र पर कब्जे का मामला जटिल है, इसलिए इस पर बाद में चर्चा की जाएगी।
राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन युद्ध को खत्म कराने के प्रयास के लिए राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद दिया। कहा कि विश्व के कई अन्य नेताओं ने भी इसके लिए प्रयास किए। इन नेताओं में भारत के प्रधानमंत्री मोदी और चीन, ब्राजील व दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति प्रमुख हैं। ये सभी लड़ाई रुकवाना और मानव जीवन की क्षति को रोकना चाहते हैं। विदित हो कि फरवरी 2022 में यूक्रेन युद्ध छिड़ने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कई बार रूसी राष्ट्रपति पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की से बात कर युद्ध रुकवाने की कोशिश की है।