ब्लिट्ज ब्यूरो
वाशिंगटन। नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स अपने सहयोगी बुच विल्मोर के साथ 9 महीने बाद पृथ्वी पर सुरक्षित लौट आईं ं। उनकी वापसी स्पेसएक्स के ड्रैगन अंतरिक्ष यान के जरिए हुई। इस अंतरिक्ष यान से 17 घंटे की यात्रा करने के बाद सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर पृथ्वी पर लौटे। ड्रैगन अंतरिक्ष यान के कैप्सूल ने भारतीय समयानुसार 19 मार्च की सुबह 3.27 बजे फ्लोरिडा के तट के पास समुद्र में स्प्लैशडाउन किया। इसके बाद अंतरिक्ष यान में सवार सभी यात्रियों की सेहत की जांच के लिए आगे की प्रक्रिया शुरू हुई।
नासा ने अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी का सीधा प्रसारण किया और इसके बारे में अपडेट भी प्रदान करता रहा। ये दोनों अंतरिक्ष यात्री जून 2024 से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर थे। दोनों एक सप्ताह के लिए ही गए थे लेकिन अंतरिक्ष यान से हीलियम के रिसाव और वेग में कमी के कारण अंतरिक्ष स्टेशन पर नौ महीनों तक रुकना पड़ा था। सुनीता विलियम्स को ला रहा अंतरिक्ष यान तड़के ही अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से अनडॉक हो गया था।
एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, वेलकम बैक, द अर्थ मिस्ड यू। आपका स्वागत है! पृथ्वी ने आपको बहुत याद किया। उन्होंने आगे कहा कि यह धैर्य, साहस और असीम मानवीय भावना की परीक्षा थी।
सुनीता विलियम्स और क्रू9 के अंतरिक्ष यात्रियों ने एक बार फिर हमें दिखाया है कि दृढ़ता का सही अर्थ क्या होता है। अज्ञात के सामने उनकी अटूट निष्ठा हमेशा लाखों लोगों को प्रेरित करेगी। हमें उन सभी पर बहुत गर्व है जिन्होंने उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए अथक प्रयास किया। उन्होंने दिखाया है कि जब सटीकता जुनून से मिलती है और प्रौद्योगिकी दृढ़ता से मिलती है तो क्या होता है। उन्होंने यह साबित कर दिया है कि जब लोग लगन और मेहनत से काम करते हैं, तो सफलता जरूर मिलती है।
सुनी, बुच, निक और अलेक्जेंडर को घर पाकर बहुत खुशी हुई
नासा की कार्यकारी प्रशासक जेनेट पेट्रो ने कहा, हमें खुशी है कि सुनी, बुच, निक और अलेक्जेंडर महीनों तक चले अपने मिशन के बाद घर लौट आए हैं। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर महत्वपूर्ण विज्ञान, प्रौद्योगिकी प्रदर्शन और रखरखाव का काम किया।