ब्लिट्ज ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार लगातार कनेक्टिविटी पर जोर दे रही है। एक्सप्रेसवे के जरिए प्रदेश के हर कोने को हाई स्पीड कनेक्टिविटी से जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा जिलों में भी परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सड़कों के निर्माण की योजनाओं को मंजूरी दी जा रही है। इस क्रम में प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में हुई हाई लेवल बैठक में छह जिलों में छह सड़क निर्माण योजनाओं को मंजूरी दी गई है। बैठक में बुलंदशहर, जौनपुर, गाजीपुर, जालौन, चित्रकूट और गोरखपुर में छह सड़क परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी गई।
मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में हुई बैठक में मानकों को शिथिल करते हुए इन छह सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन सड़कों के निर्माण से जिलों में यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा। जाम जैसी स्थिति से लोगों को निजात मिलेगी। साथ ही, हाई स्पीड कनेक्टिविटी की सरकार की नीति को लागू करने में मदद मिलेगी।
इन परियोजनाओं को मंजूरी
बुलंदशहर: बुलंदशहर जिले में 2.450 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इसके निर्माण पर 24 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत आएगी।
जौनपुर: जौनपुर जिले में भी कनेक्टिविटी के लिहाज से अहम 2.435 किलोमीटर लंबे सड़क निर्माण को मंजूरी प्रदान की गई है। इस परियोजना पर 5 करोड़ 25 लाख 46 हजार रुपये की लागत आएगी।
जालौन: जालौन जिले की कालपी तहसील में इंडस्ट्रियल एरिया कांशीराम कालोनी होते हुए काशीखेड़ा तक किलोमीटर एक से 7 एवं 8 का नवनिर्माण किया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 7.4 किलोमीटर है। परियोजना पर 40 करोड़ 88 लाख 95 हजार रुपये की लागत आएगी।
गाजीपुर: गाजीपुर जिले में अंधऊ-चौकियां बाइपास रोड का निर्माण किया जाएगा। बाइपास रोड 3.9 किलोमीटर में विकसित किया जाएगा। परियोजना में 85 करोड़ 13 लाख 67 हजार रुपये की लागत आएगी।
चित्रकूट: चित्रकूट जिले में नवीन थाना सरधुवा को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए एक किलोमीटर लंबे पहुंच पथ का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना को 4 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से पूरा कराया जाएगा।
गोरखपुर स्टेडियम के लिए फोर लेन
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बैठक के बाद कहा कि गोरखपुर में बन रहे इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम तक फोर लेन पहुंच पथ का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना को पूरा कराने के लिए 96 करोड़ 45 लाख 25 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। गोरखपुर में निर्माणाधीन अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तक 2.665 किलोमीटर लंबाई के फोर लेन रोड का नव निर्माण किया जाएगा।













