ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिल्ली मेट्रो के छठे कॉरिडोर को मंजूरी दी है।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि 2014 से पहले 248 किमी लंबी मेट्रो का काम देश में हुआ था। जबकि 2014 से 2024 तक 745 किमी मेट्रो का काम हुआ है। मौजूदा समय में एक हजार किमी मेट्रो का काम चल रहा है। दिल्ली में चार फेज में काम करने की योजना है। तीन फेज में 296 किमी में काम हो चुका है। चौथे फेज में छह कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इसमें पांच कॉरिडोर पहले ही स्वीकृत हो चुके हैं। अब कैबिनेट ने छठे कॉरिडोर को मंजूरी दी है। चौथे चरण में छठा कॉरिडोर 26.462 किमी लंबा होगा। इसमें 21 स्टेशन होंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छठे कॉरिडोर से दिल्ली-हरियाणा की कनेक्टविटी बढ़ेगी। यह कॉरिडोर रिठाला से शुरू होकर नरेला-कुंडली तक जाएगा। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।













