ब्लिट्ज ब्यूरो
रांची। हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल में कुल 11 विधायकों को जगह दी गई है। हेमंत सरकार के सभी मंत्री करोड़पति हैं। खुद सीएम हेमंत सोरेन के पास 25 करोड़ 33 लाख से ज्यादा की संपत्ति है। इतनी संपत्ति होने के बाद भी हेमंत सोरेन राज्य से सबसे अमीर मंत्री नहीं हैं।
झारखंड कैबिनेट में गोड्डा के राजद विधायक संजय यादव सबसे अमीर मंत्री हैं, जिनकी संपत्ति 29 करोड़ रुपये से ज़्यादा है। संजय यादव पहली बार मंत्री बने हैं। उन्होंने गोड्डा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के अमित मंडल को 21,471 मतों से हराया। संजय यादव को 1,09,487 वोट मिले, जबकि अमित मंडल को 88,016 वोट मिले। इससे पहले संजय यादव साल 2000 और 2009 में भी गोड्डा से विधायक रह चुके हैं।
संजय यादव पर 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से 3 गंभीर अपराधों से संबंधित हैं। चुनाव के दौरान दिए गए हलफनामे के अनुसार, उनकी आय का मुख्य स्रोत कृषि और व्यापार है। उन्होंने देवघर के हिंदी विद्यापीठ से शिक्षा प्राप्त की है।
हफीजुल हसन अंसारी सबसे ‘गरीब’ मंत्री
देवघर की मधेपुरा विधानसभा सीट से जीतने वाले जेएमएम विधायक हफीजुल हसन अंसारी के पास सबसे कम संपत्ति है। हफीजुल हसन के पास 1 करोड़, 60 लाख 31 हजार 767 रुपये की कुल संपत्ति है। इस बात का खुलासा उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में किया था। हफीजुल हसन पर न कोई कर्जा है और न ही कोई क्रिमिनल केस है।
झारखंड कैबिनेट के अन्य मंत्रियों की संपत्ति
सुदिव्य सोनू: गिरिडीह से झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के विधायक सुदिव्य सोनू की संपत्ति 15 करोड़ 17 लाख रुपये है और उन पर 3 करोड़ 52 लाख रुपये का कर्ज है।
रामदास सोरेन: घाटशिला से दूसरी बार विधायक बने जेएमएम नेता रामदास सोरेन की संपत्ति 10 करोड़ 45 लाख रुपये है और उन पर 32 लाख 93 हजार रुपये का कर्ज है।
चमरा लिंडा: बिशुनपुर से लगातार चौथी बार जेएमएम विधायक बने चमरा लिंडा की संपत्ति 2 करोड़ 80 लाख रुपये है और उन पर 35 लाख 73 हजार रुपये का कर्ज है।
दीपक बिरुआ: चाईबासा से चौथी बार विधायक बने जेएमएम के दीपक बिरुआ की संपत्ति 3 करोड़ 12 लाख रुपये है। दीपक बिरुआ पर कोई कर्ज नहीं है।
योगेंद्र प्रसाद: जेएमएम की टिकट पर गोमिया से पहली बार विधायक और मंत्री बने योगेंद्र प्रसाद की संपत्ति 1 करोड़ 84 लाख रुपये है और उन पर 7 लाख 70 हजार रुपये का कर्ज है।
दीपिका पांडेय सिंह: महागामा से कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह की कुल संपत्ति 6 करोड़ रुपये है। यह उनका दूसरा कार्यकाल है। दीपिका पांडेय पर 1 करोड़ 8 लाख रुपये का कर्ज है।
इरफान अंसारी: कांग्रेस के टिकट पर जामताड़ा से लगातार तीसरी बार विधायक बने इरफान अंसारी की संपत्ति 3.5 करोड़ रुपये है। इरफान अंसारी पर 30 लाख रुपये का कर्ज है।