ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने अपने दम पर बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक गहरी छाप छोड़ी है। ग्लोबल स्टार के तौर पर जानी जाने वाली प्रियंका आज बेहतरीन लाइफस्टाइल जी रही हैं, पिछले सप्ताह उन्होंने अपना 43 वां जन्मदिन भी मनाया। प्रियंका की कामयाबी के पीछे बहुत मेहनत, दर्द और हिम्मत की सच्ची कहानी छिपी है। ‘मिस वर्ल्ड’ का खिताब जितने के बाद भी प्रियंका को बॉलीवुड में काफी रिजेक्शन का सामना करना पड़ा।
कभी उनके सांवले रंग का मजाक उड़ाया गया, तो कभी काली बिल्ली और डस्की कहा गया। एक एक्ट्रेस ने तो यहां तक कह दिया था कि वो हीरोइन बनने के लायक ही नहीं हैं। प्रियंका ने निर्देशक से तंग आकर फिल्म छोड़ी तो बॉलीवुड की पॉलिटिक्स से तंग आकर इंडस्ट्री छोड़ दी। आज प्रियंका ने बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक में अपने दम पर नाम और शोहरत हासिल की है। प्रियंका चोपड़ा ने पिछले दिनों 43वां जन्मदिन मनाया था। आइये जानते हैं एक्ट्रेस की लाइफ से जुड़े कुछ और रोचक किस्से।
फिल्म इंडस्ट्री में गैरों जैसा बर्ताव
प्रियंका चोपड़ा ने पॉडकास्ट ‘रीड द रूम’ में बॉलीवुड में मिले रिजेक्शन के बारे में बात की थी। प्रियंका ने बताया था- मुझे कई वजहों से रिजेक्शन का सामना माना करना पड़ा था। कभी मुझे कहा जाता था कि रोल के लिए फिट नहीं हूं। कभी फेवरेटिज्म की वजह से तो कभी किसी की गर्लफ्रेंड की वजह से मुझे फिल्म में कास्ट नहीं किया गया। इंडस्ट्री में एक समय ऐसा भी था जब कोई मेरे साथ काम नहीं करना चाहता था। करियर के शुरुआत में मुझे लगभग डेढ़ साल तक रिजेक्शन का सामना करना पड़ा था।
सांवले रंग को लेकर उड़ाया गया मजाक
इतना ही नहीं करियर की शुरुआत में प्रियंका चोपड़ा को सांवले रंग और दुबले-पतले शरीर को लेकर खूब आलोचनाओं का शिकार होना पड़ा था।
प्रियंका चोपड़ा ने खुद एक इंटरव्यू के दौरान कहा था- मुझे अपने रंग के कारण बॉडी शेमिंग का सामना करना पड़ा था। मुझे लगता था कि गोरे रंग के साथी कलाकारों की तुलना में मुझे अधिक मेहनत करनी होगी।
प्रियंका ने फिल्म ‘किस्मत’ में एक्ट्रेस स्मिता जयकार के साथ काम किया था। इस फिल्म में स्मिता ने प्रियंका की मां का किरदार निभाया था। फिल्मी मंत्रा मीडिया के साथ बातचीत में स्मिता जयकार ने बताया था- मैंने प्रियंका को पहली बार देखा तो वह बहुत ही दुबली-पतली और सांवली थीं। मैंने कहा कि हे भगवान, ये कैसे लोग हीरोइन बन जाते हैं। हालांकि बाद में पछतावा भी हुआ। किसकी किस्मत कब पलट जाए कुछ कह नहीं सकते हैं।
निर्देशक से तंग आकर छोड़ी थी फिल्म
एक बार प्रियंका चोपड़ा ने निर्देशक के गलत बर्ताव की वजह से फिल्म छोड़ दी थी। इस बात का खुलासा प्रियंका चोपड़ा ने अपनी ऑटोबायोग्राफी ‘अनफिनिश्ड’ में किया। निर्देशक ने उनके साथ बुरा बर्ताव किया था, जिसके चलते उन्होंने फिल्म बीच में ही छोड़ दी थी।













