ब्लिट्ज ब्यूरो
पानीपत। हरियाणा के ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने शादी के बाद पहली बार पत्नी हिमानी मोर के साथ तस्वीरें शेयर कीं। वह तीसरे ग्रैंडस्लैम विंबलडन का फाइनल मुकाबला देखने पहुंचे थे। नीरज ने पहले अपनी अकेले की ही तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी, लेकिन बाद में उन्होंने पत्नी हिमानी की भी फोटो शेयर की।
इन फोटो के साथ उन्होंने लिखा- दुनिया के दो सर्वश्रेष्ठ पुरुष टेनिस खिलाड़ियों को एक-दूसरे से भिड़ते हुए देखने का मौका मिला। मुझे बुलाने के लिए विंबलडन का धन्यवाद। 16 घंटे में 3 लाख लोगों ने उनकी फोटो को लाइक किया जबकि 554 लोगों ने कमेंट किया। 1133 लोगों ने फोटो को शेयर किया है। नीरज ने 16 जनवरी को गुपचुप सोनीपत की टेनिस प्लेयर हिमानी मोर से शादी की थी। यह शादी हिमाचल प्रदेश के सोलन में एक रिजॉर्ट में हुई थी।
बता दें कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच भिड़ंत होने वाली है। नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम एक दूसरे के खिलाफ सिलेसिया डायमंड लीग 2025 में खेलेंगे। ये मुकाबला 16 अगस्त को पोलैंड में खेला जाएगा। दोहा डायमंड लीग 2025 में नीरज चोपड़ा ने 90.23 मीटर का थ्रो किया था। ऐसा पहली बार हुआ है, जब नीरज ने 90 मीटर या उससे अधिक का थ्रो किया है।













