ब्लिट्ज ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित आम्रपाली सेंचुरियन पार्क लो राइज एओए ने सोसायटी परिसर को स्वच्छ और सुरक्षित रखने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति लागू कर दी है। जनरल बॉडी मीटिंग में लिए गए फैसले के अनुसार, यदि पालतू कुत्ता कॉमन एरिया में गंदगी करता है तो उसके मालिक पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा और गंदगी तुरंत साफ करनी होगी।
600 परिवारों वाली सोसायटी में सख्त नियम
एओए अध्यक्ष राजीव कुमार और लीगल एडवाइजर अमित गुप्ता के अनुसार लो राइज एरिया में करीब 600 परिवार रहते हैं। वर्तमान में कॉमन एरिया और पैसेज में 190 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनकी संख्या बढ़ाकर 300 की जाएगी ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
सोसायटी प्रबंधन ने केवल पालतू कुत्तों के मालिकों पर ही नहीं, बल्कि अन्य और गतिविधियों पर भी सख्त जुर्माने का प्रावधान किया है जैसे पान-गुटखा खाकर सार्वजनिक स्थान पर थूकना, खुले में टॉयलेट करना और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना। इन मामलों में 1000 रुपये से लेकर 15000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा।
एओए के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति एक ही गलती को तीन बार दोहराता है, तो उसे ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। इतना ही नहीं, संबंधित व्यक्ति की फोटो सोसायटी ग्रुप्स और सार्वजनिक नोटिस बोर्ड पर साझा की जाएगी।
पार्किंग में डॉग अटैक से बचेंगी गाड़ियां
निवासियों की एक बड़ी शिकायत बेसमेंट पार्किंग में कुत्तों द्वारा गाड़ियों के कवर फाड़ने और स्क्रैच करने को लेकर थी। इसे देखते हुए पार्किंग एरिया में भी अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही, सोसायटी में जगह-जगह चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं।
जीरो टॉलरेंस पॉलिसी का मकसद
सोसायटी प्रबंधन का कहना है कि इन सख्त नियमों का उद्देश्य परिसर को साफ-सुथरा, सुरक्षित और अनुशासित बनाना है, ताकि सभी निवासियों को बेहतर माहौल मिल सके।

























