ब्लिट्ज ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा के यमुना सिटी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेमीकंडक्टर यूनिट का उद्घाटन किया। इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड की सेमीकंडक्टर यूनिट के उद्घाटन को तकनीक के क्षेत्र में बड़ा कदम बताया गया है। यह कंपनी एचसीएल और फॉक्सकॉन का संयुक्त उपक्रम (जॉइंट वेंचर) है।
– सीएम योगी बोले- प्रदेश का गहना बन गया जेवर
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश के पास रुकने का समय नहीं है और वर्ष 2026 की शुरुआत से ही भारत ने अपनी विकास गति को और तेज कर दिया है। उन्होंने बताया कि 12 जनवरी को विकसित भारत डायलॉग, 16 जनवरी को नेशनल स्टार्टअप डे और इंडिया एनर्जी समिट जैसे कार्यक्रमों ने भारत की वैश्विक छवि को मजबूत किया है।
औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी: मोदी
हाल ही में आयोजित ग्लोबल समिट में दुनिया के कई देशों के प्रतिनिधियों और टेक्नोलॉजी दिग्गजों ने भारत की एआई क्षमता की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक दुनिया को चलाने के लिए प्रोसेसिंग पावर की आवश्यकता है और सेमीकंडक्टर आज की तकनीकी अर्थव्यवस्था की नींव है। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि यह नई फैक्ट्री भारत को टेक्नोलॉजी पावरहाउस बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही इससे उत्तर प्रदेश के युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
यूपी निवेश का प्रमुख केंद्र बन चुका है : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश तेजी से बदल रहा है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले यहां अराजकता का माहौल था, लोग शाम के बाद घर से बाहर निकलने से डरते थे, लेकिन आज जेवर क्षेत्र प्रदेश का “जेवर” बनकर उभर रहा है।























