ब्लिट्ज ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान दौरे के दौरान हाई स्पीड बुलेट ट्रेन की यात्रा का अनुभव लिया। इस दौरान उन्होंने एक सेल्फी ली। इसमें ट्रेन की गति को स्पष्ट तौर पर देखा जा सकता है। इस यात्रा से संबंधित वीडियो को सीएम योगी ने अपने एक्स आईडी पर शेयर किया है। इसमें उन्होंने लिखा कि आप देख सकते हैं, मैं 501 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सफर कर रहा था। सीएम योगी ने अपने दौरे के आखिरी दिन यामानाशी में जापान की एडवांस्ड एसीमैग्लेव ट्रेन का अनुभव लिया।
सीएम योगी ने कहा कि यह एक नेक्स्ट-जेनरेशन हाई-स्पीड सिस्टम है जो 500 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार तक पहुंचता है। यह साफ, कुशल और सटीक मोबिलिटी के भविष्य को दिखाता है। सीएम ने कहा कि बहुत ज्यादा रफ्तार पर भी राइड स्मूद और काफी स्थिर थी। यह इनोवेशन और लंबे समय तक चलने वाले इंफ्रास्ट्रक्चर की बेहतरीन क्वालिटी के लिए जापान के कमिटमेंट को दर्शाता है।
स्पीड बोर्ड के साथ तस्वीर
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जापान दौरे के दौरान यामानाशी में मैग्लेव ट्रेन में सफर के दौरान ट्रेन की स्पीड 501 किलोमीटर प्रति घंटे दिखाने वाली तस्वीर भ्ाी खींची। हवा से बातें करती ट्रेन की रफ्तार देख योगी भी हैरान हुए। उन्होने ट्रेन के स्पीड बोर्ड के साथ फोटो भी खिंचवाई। इस दौरान वे बार-बार ट्रेन की स्पीड देख रहे थे। सीएम ने करीब 100 किलोमीटर की दूरी ट्रेन से तय की। मैग्लेव ट्रेन को आधुनिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम का भविष्य माना जा रहा है। चुंबकीय तकनीक के कारण ट्रेन और ट्रैक के बीच प्रत्यक्ष संपर्क समाप्त हो जाता है। इससे घर्षण लगभग शून्य हो जाता है।
यही कारण है कि यह ट्रेन 500 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की गति हासिल करने में सक्षम है। मैग्लेव प्रणाली को सेंट्रल जापान रेलवे कंपनी की ओर से संचालित किया जाता है। पारंपरिक ट्रेनों की तुलना में मैग्लेव में कंपन और शोर कम होता है जिससे सफर अधिक आरामदायक बनता है। ट्रेन का एडवांस कंट्रोल सिस्टम और ट्रैक डिजाइन के कारण दुर्घटना की संभावना न्यूनतम मानी जाती है।
ग्रीन हाइड्रोजन तकनीक पर एमओयू
सीएम योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे के दौरान यूपी सरकार और यामानाशी प्रांत के बीच ग्रीन हाइड्रोजन तकनीक को लेकर ऐतिहासिक एमओयू साइन किए गए हैं। इस समझौते के तहत उत्तर प्रदेश के उच्च तकनीकी संस्थानों के छात्रों को जापान में उन्नत प्रशिक्षण दिया जाएगा।

























