ब्लिट्ज ब्यूरो
बाराबंकी। यूपी के बाराबंकी जिले के लिए अच्छी खबर है। यहां 37.58 करोड़ से 14 किमी सड़क बनेगी। इससे बाराबंकी के साथ सीतापुर के गांवों के लोगों के सफर को रफ्तार मिलेगी, सफर और आसान होगा। विकास खण्ड निन्दूरा क्षेत्र में बड्डूपुर-बजगहनी मार्ग चौड़ीकरण परियोजना का भूमि पूजन व शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका शिलान्यास विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने विधि विधान से किया।
रिंग रोड की तरह तैयार होगी
14 किलोमीटर लंबी सड़क का 37 करोड़ 58 लाख रुपये लागत से निर्माण होगा। इस रोड के बन जाने से बाराबंकी के साथ सीतापुर जनपद के दर्जनों गांवों का आवागमन आसान होगा। इस अवसर विधायक साकेंद्र वर्मा ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और आसपास के गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से क्षेत्रीय लोगों द्वारा की जा रही थी। सड़क बनने से बड्डूपुर से बजगहनी तक की यात्रा आसान होगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। एक तरह से रिंग रोड की तरह तैयार होगी। उन्होंने बताया कि यह परियोजना लोक निर्माण खण्ड-3, बाराबंकी द्वारा कराई जा रही है।
बहराइच के 25 गांव शामली-गोरखपुर एक्सप्रेस-वे से जुड़ेंगे
वहीं बहराइच जिले में महसी तहसील के 25 गांव शामली-गोरखपुर एक्सप्रेस-वे से जुड़ेंगे। यहां नए निर्माण और बैनामा पर रोक लग गई है। दरअसल, तहसील महसी के 25 गांवों से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण परियोजना कार्यान्वयन इकाई बहराइच ने शामली-गोरखपुर एक्सप्रेस-वे निकालना प्रस्तावित किया है। पहले सर्वे के बाद प्राधिकरण ने उपजिलाधिकारी महसी एवं उप निबंधक कार्यालय को इन गांवों की प्रभावित गाटों सहित जांच के लिए सूची भेजी है। जिसमें संबंधित विभाग व राजस्व टीमें जुट गईं हैं। जांच रिपोर्ट की पुष्टि के बाद प्राधिकरण द्वारा अंतिम अधिसूचना जारी की जाएगी।













