ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने वर्दी पहनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए खुशियों का पिटारा खोल दिया है। सीआरपीएफ ने कांस्टेबल (तकनीकी और ट्रेड्समैन) के कुल 9,195 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। यह उन छात्रों के लिए एक शानदार अवसर है जो कम उम्र में ही देश सेवा के साथ एक सुरक्षित सरकारी नौकरी पाना चाहते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी सीआरपीएफ की आधिकारिक रिक्रूटमेंट वेबसाइट rect.crpf.gov.in पर जाकर अपना आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती के जरिए सीआरपीएफ विभिन्न ट्रेडों जैसे ड्राइवर, कुक, मोची, बढ़ई, दर्जी और सफाई कर्मचारी के पदों को भरेगा। आवेदन की प्रक्रिया डिजिटल इंडिया के तहत पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है, जिससे देश के दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले युवा भी आसानी से आवेदन कर सकें।
पदों की डिटेल्स
सीआरपीएफ की इस बड़ी भर्ती में पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवारों को मौका दिया गया है। कुल 9, 195 पदों में से 9,116 पद पुरुष उम्मीदवारों के लिए हैं, जबकि 79 पद महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं।
शैक्षणिक योग्यता
अधिकांश पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं (मैट्रिक) पास होना अनिवार्य है। कांस्टेबल (ड्राइवर) पद के लिए 10वीं पास के साथ-साथ ‘हैवी ट्रांसपोर्ट व्हीकल’ ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी है। वहीं, कुछ तकनीकी ट्रेडों के लिए संबंधित क्षेत्र में अनुभव या आईटीआई प्रमाण पत्र को प्राथमिकता दी जाएगी।
आयु सीमा
उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 अगस्त 2026 को आधार मानकर की जाएगी। कांस्टेबल (ड्राइवर) पदों के लिए उम्मीदवारों की आयु 21 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अन्य पद के लिए आयु 18 से 23 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।













