ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। नमो भारत के स्टेशनों को अब निजी कंपनियों के नाम से भी जाना जाएगा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ काॅरिडोर के 21 स्टेशनों पर विज्ञापन और ब्रांडिंग के लिए कंपनियों को आमंत्रित किया है।
इस योजना के तहत जो कंपनियां इन स्टेशनों के ब्रांडिंग अधिकार खरीदेंगी, वे स्टेशन के असली नाम के साथ अपना नाम जोड़ सकेंगी। यह विज्ञापन सिर्फ बोर्ड तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्टेशन के प्लेटफाॅर्म, खंभों, एंट्री और एग्जिट गेट पर भी कंपनी का लोगो और नाम दिखाई देगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन के अंदर होने वाली घोषणाओं में भी उस कंपनी का नाम लिया जाएगा और स्टेशन के नक्शों पर भी इसे दिखाया जाएगा। इसके अलावा कंपनियों को स्टेशन के भीतर अपना छोटा स्टाल लगाने की जगह भी मिलेगी।
इन 21 स्टेशनों में सराय काले खान, न्यू अशोक नगर, आनंद विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद, दुहाई, मुरादनगर, मोदी नगर साउथ, मोदी नगर नॉर्थ, मेरठ साउथ, प्रतापपुर, रिठानी, शताब्दी नगर, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैसाली, बेगमपुल, एमईएस कॉलोनी, दौरली, मेरठ नॉर्थ और मोदीपुरम शामिल हैं।













