ब्लिट्ज ब्यूरो
ब्रातिस्लावा। भारत और स्लोवाकिया विगत दिवस अपने संबंधों को व्यापक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमत हुए। उन्होंने द्विपक्षीय व्यापार और रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। दोनों देशों के बीच यह सहमति पीएम नरेन्द्र मोदी और स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के बीच बातचीत के बाद बनी।
दोनों देशों ने माइग्रेशन, डिजिटल टेक्नोलॉजी और डिफेंस जैसे कई क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए 11 समझौतों को अंतिम रूप दिया। मोदी यूरोप की अपनी एक हफ्ते की यात्रा के दौरान ब्रातिस्लावा आए थे। किसी भारतीय पीएम की 1993 में स्लोवाकिया की आजादी के बाद यह पहली यात्रा थी।
दोनों नेता भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते को जल्द लागू करने की दिशा में काम करने पर भी सहमत हुए। इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को काफी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
पीएम ने बयान में कहा, ‘हमने अपने संबंधों को व्यापक साझेदारी के स्तर तक ले जाने का फैसला किया है। यह हमारी साझा मान्यताओं, साझा प्राथमिकताओं और भविष्य का प्रतीक है।’ भारत और स्लोवाकिया के बीच रक्षा सहयोग दोनों पक्षों के बीच प्रगाढ़ होते आपसी भरोसे और रणनीतिक तालमेल का सबूत है।
पारंपरिक तरीके से हुआ स्वागत
दो दिनों के दौरे पर स्लोवाकिया पहुंचे पीएम का अभूतपूर्व स्वागत किया गया। स्थानीय कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुति दी।
पीएम ने कार्यक्रम की एक सुखद झलकी शेयर की। यह ‘महादेव कीर्तन प्रोजेक्ट’ का अंश था। 44 सेकेंड की विडियो क्लिप में प्रोजेक्ट के सदस्य ‘शंभू-शंभू’ का जाप करते देखे जा सकते है। पीएम का स्वागत स्लोवाकिया के पारंपरिक तरीके रोटी नमक से किया गया।
ऊर्जा-माइग्रेशन पर साथ
मोदी और फिको ऊर्जा सुरक्षा, स्थिरता और मजबूती को बढ़ावा देने के लिए ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमत हुए। इसके लिए परमाणु ऊर्जा और जियोथर्मल पावर सहित ऊर्जा के विभिन्न स्रोतों को अपनाने पर जोर दिया जाएगा। दोनों ने स्किल्ड प्रोफेशनल्स की सुरक्षित और कानूनी आवाजाही का समर्थन किया। आवाजाही आसान बनाने के लिए समझौते का स्वागत किया।












