ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। देश में 85 केंद्रीय और 28 नए नवोदय विद्यालय खोले जाएंगे। ये विद्यालय उन जिलों में खोले जाएंगे जिनको नवोदय विद्यालय योजना के तहत कवर नहीं किया गया है। इसके लिए 8232 करोड़ का बजट मंजूर किया गया है। इस समय देश में 1,256 केंद्रीय विद्यालयों का संचालन हो रहा है।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि नई शिक्षा नीति को लागू करने के लिए पीएम श्री योजना लाई गई थी। सभी केंद्रीय विद्यालयों और नवोदय विद्यालयों को पीएम श्री स्कूलों के रूप में नामित किया गया है ताकि उन्हें मॉडल बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि नए केंद्रीय विद्यालय खुलने से देश भर में 82 हजार से अधिक छात्रों को सस्ती और उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। मौजूदा समय में 1256 कार्यात्मक केंद्रीय विद्यालय हैं। इनमें तीन विदेश में हैं। इनमें मॉस्को, काठमांडू और तेहरान शामिल हैं। 13.56 लाख छात्र इन स्कूलों में पढ़ रहे हैं।
राजस्थान में खुलेंगे 9 सेंट्रल स्कूल
जयपुर। केंद्र सरकार की घोषणा के तहत राजस्थान के सात जिलों में 9 नए केंद्रीय विद्यालय खुलेंगे। श्री गंगानगर के सतराना, श्रीकरणपुर और राजसमंद के राजसमंद शहर और भीम में केंद्रीय विद्यालय खुलेंगे। इसके साथ ही जोधपुर के फलोदी, करौली के हिंडौन सिटी, नागौर के मेड़ता, अलवर के राजगढ़, दौसा के महवा में भी केंद्रीय विद्यालय खुलेंगे। इन सभी विद्यालयों में 8 हजार 640 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। इसके साथ ही सभी विद्यालयों को पीएम श्री विद्यालयों के रूप में नामांकित किया गया है।













