ब्लिट्ज ब्यूरो
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने कहा कि आपके 12 साल के स्वर्णिम कार्यकाल में भारत काफी आगे बढ़ा है और बिहार भी समृद्ध हुआ है। इसके लिए आपको हार्दिक बधाई देता हूं और आशा है कि आपका मार्गदर्शन एवं सहयोग मिलता रहेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पत्र में लिखा, मुझे हार्दिक प्रसन्नता है कि आज देश के इतिहास में आपने भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर सबसे अधिक समय तक जनसेवा करने का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।’
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आपके विकसित भारत के सपने को बिहार समृद्ध पूरा कर रहा है। भारत के इतिहास में बिहार को शक्ति, संस्कृति एवं शिक्षा के केन्द्र के रूप में जाना जाता रहा है। बिहार ज्ञान एवं मोक्ष की भूमि है। इसी धरती पर चाणक्य ने अर्थशास्त्र की रचना की और आर्यभट्ट ने शून्य का आविष्कार किया। राजगीर में नालंदा विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना आपके मार्गदर्शन एवं केन्द्र सरकार के सहयोग से ही संभव हुई। वर्ष 2024 में आपके कर कमलों से नालंदा विश्वविद्यालय परिसर का उद्घाटन इस गौरवशाली विरासत को पुनः जीवित करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध हुआ है।













