ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। उन्नत सामग्रियों के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अग्रणी जापान की कंपनी प्रोटीरियल, आंध्र प्रदेश में 2,250 करोड़ रुपये के निवेश से दुर्लभ पृथ्वी स्थायी चुंबक निर्माण संयंत्र स्थापित करेगी। इस परियोजना से जुड़े सूत्रों के अनुसार, यह भारत की स्थानीय दुर्लभ पृथ्वी मूल्य श्रृंखला को मजबूत करने और चीनी स्रोतों पर निर्भरता कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अनाकापल्ली जिले के अच्युतपुरम में स्थित यह परियोजना प्रति वर्ष 1.2 किलो टन (केटीपीए) सिंटर्ड नियोडिमियम-आयरन-बोरारन (एनडीएफ ईबी) स्थायी चुंबकों का उत्पादन करेगी, जो इलेक्टि्रक वाहनों , पवन टर्बाइनों, औद्योगिक मोटरों, इलेक्ट्रॉनिक्स, एयरोस्पेस और रक्षा प्रणालियों में उपयोग होने वाले सबसे महत्वपूर्ण घटकों में से हैं । राज्य निवेश प्रोत्साहन समिति ने पिछले सप्ताह अपनी बैठक में इस परियोजना को मंजूरी दी। यह प्रस्तावित निवेश ऐसे समय में हो रहा है जब भारत आयातित दुर्लभ पृथ्वी चुंबकों पर निर्भरता कम करने और रणनीतिक क्षेत्रों में स्वदेशी विनिर्माण क्षमता विकसित करने के लिए सक्रिय रूप से प्रयासरत है।
केंद्र सरकार ने हाल ही में सिंटरड रेयर अर्थ परमानेंट मैग्नेट के घरेलू उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए एक समर्पित प्रोत्साहन कार्यक्रम को मंजूरी दी है, जो इस क्षेत्र के राष्ट्रीय महत्व को रेखांकित करता है।
प्रोटीरियल, जिसका पूर्व नाम हिताची मेटल्स था, को एनडीएफईबी चुंबक प्रौद्योगिकी के वैश्विक अग्रदूतों में से एक माना जाता है और यह विश्व स्तर पर उन्नत चुंबकीय सामग्रियों का एक प्रमुख आपूर्तिकर्ता बना हुआ है। जापानी कंपनी ने पिछले वर्ष ₹45,000 करोड़ का समेकित राजस्व अर्जित किया और यह उत्तरी अमेरिका, यूरोप, चीन और एशिया में परिचालन करती है।













